Loksabha Election 2019: अभिनेता से नेता बने सनी देओल सोमवार को एक हादसे में बाल-बाल बच गए जब अमृतसर-गुरदासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरते समय उनकी एसयूवी का एक टायर फट गया. पुलिस ने बताया कि सनी देओल के काफिले में चल रहे कम से कम चार वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए. हालांकि, घटना में कोई घायल नहीं हुआ है. घटना के दौरान अभिनेता रोड शो के लिए जा रहे थे. इसके बाद वह एक अन्य वाहन में घटनास्थल से चले गए. इससे पहले चुनाव प्रचार में जुटे सनी ने एक सभा में कहा था कि लोग मुझसे बाहरी कहे जाने पर सवाल पूछते रहते हैं और मैं कहता हूं कि मैं यहां कही जा रही बातों का जवाब देने नहीं आया हूं. सनी ने कहा, ''मैं यहां काम करने और लोगों की सेवा के लिए आया हूं. मैं यहां अपना काम करने आया हूं. मेरा काम लोगों और मेरे क्षेत्र को समझना है.'' जाने माने अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेन्द्र के बेटे सनी पर विपक्ष आरोप लगा रहा है कि उन्हें पंजाब के बारे में कोई समझ नहीं है. बता दें सनी देओल गुरदासपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अकाली दल गठबंधन के उम्मीदवार हैं. इस सीट पर दिवंगत अभिनेता विनोद खन्ना चार बार सांसद रहे थे. अप्रैल 2017 में कैंसर की वजह से उनका निधन हो गया था.