बेंगलुरू: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमलों के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आज ट्विटर के माध्यम से उन पर पलटवार किया.
हैशटैग #ModiHitWicket के साथ सिद्धारमैया ने बीजेपी की चुनावी जनसभा को संबोधित करने में जुटे मोदी से एक सवाल किया. उन्होंने मोदी को कथित रूप से बीजेपी के जनार्दन रेड्डी द्वारा ‘‘35 हजार करोड़ रुपये के लौह अयस्क की लूट ’’ का जिक्र करने की याद दिलाई.
कांग्रेस का आरोप है कि ‘रेड्डी गिरोह’ के आठ सदस्यों को विधानसभा चुनाव में टिकट दिया गया है. सिद्धारमैया ने उत्तर प्रदेश में अंधड़ में 64 लोगों के मारे जाने के बावजूद कर्नाटक में जनसभाओं को संबोधित करने पर योगी आदित्यनाथ की आलोचना की.
सिद्धारमैया से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कर्नाटक में राली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला था. उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको उनकी प्रवृत्ति के बारे में बताता हूं... जब भी मोदी डरते हैं, वह व्यक्तिगत हमले करते हैं. वह व्यक्ति के बारे में बुरी बातें करेंगे. उनमें और मुझमें यही अंतर है.’’