चंडीगढ़: पंजाब चुनाव के मद्देनज़र अकाली दल आज लुधियाना में अपना घोषणापत्र जारी करेगा. कल अकाली दल ने गरीबों को 25 रुपए किलो घी देने का वादा किया था. बीजेपी ने भी पंजाब में हर महीने गरीबों को दो किलो घी देने का वादा किया है.
चुनाव के चलते सभी पार्टीयों की और से लोगों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही. सभी राजनीतिक दलों की और से बड़े-बड़े चुनावी वादे किए जा रहे हैं. इसी क्रम में सुखबीर सिंह बादल ने भी जनता के साथ बड़ा वायदा किया है.
फतेहगढ साहिब में रैली के दौरान ड़िप्टी सीएम ने कहा कि नीले कार्ड धारकों को अब आटा, चावल और दाल के साथ-साथ देसी घी भी 25 रुपए किलो के हिसाब से दिया जाएगा. सुखबीर सिंह बादल ने कार्ड धारकों को चीनी भी 10 रुपए प्रति किलों के हिसाब से देने का एलान किया है.
बीजेपी जारी कर चुकी है अपना घोषणा पत्र
बता दें कि 22 जनवरी को अकाली दल की सहयोगी बीजेपी ने अपना घोषणापत्र जारी किया था. वित्तमंत्री अरुण जेटली ने पंजाब के जालंधर में इस घोषणापत्र को जारी करते हुए तीन सूत्रीय एजेंडा पेश किया था.
बीजेपी का घोषणापत्र-
- नीले कार्ड पर गरीबों को हर महीने दो किलो देसी घी.
- दलित, पिछड़े और गरीब परिवारों को आठ-आठ मरले के प्लॉट दिए जाएंगे. एक मरला 272.25 वर्ग फीट होता है, इस तरह करीब 2200 वर्ग फीट की जमीन दी जाएगी.
- छोटे किसानों के कर्जे माफ होंगे.
- गरीब परिवार की छात्राओं के लिए पीएचडी तक मुफ्त शिक्षा.
- डिजिटल क्रेडिट कार्ड की सहूलत के साथ-साथ किसान आदमन कमीशन का गठन करने की बात कही गई.
- 7वें पे कमीशन को लागू करने और रिटायरमेंट उम्र साठ साल के अलावा, आतंकवाद से प्रभावित परिवारों को पांच लाख की मदद की बात भी की गई है.
बीजेपी ने अपने तीन सूत्रीय एजेंडे को जारी किया. जिसमें पहला एजेंडा- चल रही योजनाओं को जारी रखना, दूसरा विकास की रफ्तार तेज रखना और तीसरा नई संस्थाओं का गठन करके खास समस्याओं से पंजाब के लोगों को राहत देना है.
4 फरवरी को हैं पंजाब में चुनाव
पंजाब में शनिवार 4 फरवरी को एक ही चरण में चुनाव होगा. वहीं 11 मार्च को सभी पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे. पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी गठबंध की सरकार है. ऐसे में 177 विधानसभा सीटों में शिरोमणि अकाली दल के पास 56, बीजेपी के पास 12, कांग्रेस के पास 46 और निर्दलीय विधायकों के पास 3 सीटें हैं.