नई दिल्ली: चुनावी मौसम में भारी बारिश और आंधी तूफान ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दी है. आंधी-तूफान से हुए नुकसान के बाद मुआवजे के एलान को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भड़क उठे. मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और मणिपुर में भारी-बारिश और आंधी तूफान से कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह केवल गुजरात में हुई मौत को लेकर दुख जताया. इसी बात से कमलनाथ नाराज हो गए.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल से सुबह 9 बजकर 31 मिनट पर गुजरात में हुई मौत पर दुख जताया. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ''अधिकारी स्थिति पर बहुत करीब से नजर रख रहे हैं. प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है.''

वहीं सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के ट्विटर हैंडल से ट्विट कर मुआवजे का एलान किया गया. पीएमओ ने कहा, ''मोदी ने गुजरात के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम बारिश और तूफान के कारण जान गंवाने वालों के परिजन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी है.'' पीएम ने घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की.

प्रधानमंत्री के दोनों ट्वीट के बाद कमलनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी पर अन्य राज्यों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मोदी जी, आप देश के प्रधानमंत्री हैं. कमलनाथ ने 10 बजकर 6 मिनट पर ट्वीट कर कहा, ''मोदी जी , आप देश के पीएम ना कि गुजरात के. एमपी में भी बेमौसम बारिश व तूफ़ान के कारण आकाशीय बिजली गिरने से 10 से अधिक लोगों की मौत हुई है.लेकिन आपकी संवेदनाएँ सिर्फ़ गुजरात तक सीमित ? भले यहां आपकी पार्टी की सरकार नहीं है लेकिन लोग यहां भी बस्ते है.''

कमलनाथ के इस ट्वीट के एक घंटे बाद प्रधानमंत्री ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, मणिपुर और देश के अन्य हिस्सों में हुए जानमाल के नुकसान पर दुख जताया और मुआवजे की घोषणा की. प्रधानमंत्री ने 11 बजकर 4 मिनट पर ट्वीट किया.

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, मणिपुर और देश के अन्य हिस्सों में बेमौसम बरसात और तूफान में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति दुख जताया. उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत मुहैया कराने का अधिकारियों को निर्देश दिया गया है. पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की.

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और मणिपुर में बेमौसम बरसात से कम से कम 35 लोगों की मौत हुई है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले चार दिनों तक बारिश और तूफान की संभावना जताई है.

कुदरत का कहर: मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, अगले चार दिनों तक देश के बड़े हिस्से में आंधी-तूफान की आशंका