Lok Sabha Elections: विपक्षी महागठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) और सत्तासीन नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. एनडीए के सामने जीत की हैट्रिक लगाने की चुनौती है तो वहीं विपक्षी गठबंधन के सामने इसे रोकने की.
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि जिन राज्यों में बीजेपी को पिछले विधानसभा चुनाव में हार मिली और आने वाले विधानसभा चुनाव के नतीजे क्या 2024 के लोकसभा चुनाव पर प्रभाव डालेंगे! कहीं ये नतीजे बीजेपी के लिए खतरे के संकेत तो नहीं?
इन राज्यों में इस साल के अंत में होने विधानसभा चुनाव
बीजेपी ने पिछले लोकसभा चुनाव 2019 में भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की थी. इसके बाद उसे कई राज्यों के विधानसभा चुनाव में पराजय का मुंह देखना पड़ा. इस बार भी 2024 लोकसभा चुनाव के पहले कई प्रमुख राज्यों में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. इनमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना राज्य प्रमुख हैं. इसके अलावा पूर्वोत्तर के एक राज्य में विधानसभा चुनाव होना है.
2019 के बाद बीजेपी को इन राज्यों में मिली थी शिकस्त
पिछले लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी को महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था. बीजेपी को महाराष्ट्र विधानसभा में 105 सीटें मिली. फिर भी 56 सीटें जीतने वाली शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी से गठबंधन करके महा विकास अघाड़ी गठबंधन की सरकार बना ली. झारखंड में बीजेपी मात्र 25 सीटें जीतकर दूसरे नंबर रह गई. यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन ने अपनी सरकार बनाई.
दिल्ली में रहा बीजेपी का सबसे कमजोर प्रदर्शन
सबसे करारी हार बीजेपी को दिल्ली में मिली थी. यहां 70 में से वह मात्र 8 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज पाई थी. आम आदमी पार्टी के केजरीवाल ने तीसरी बार अपनी सरकार बनाई थी. पश्चिम बंगाल में भी बीजेपी को लोकसभा 2019 मे बढ़िया प्रदर्शन करने के बाद भी विधानसभा में करारी हार का मुंह देखना पड़ा था. ममता दीदी की टीएमसी ने 294 में से 212 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था. वहीं बीजेपी को महज 70 सीटें मिली थीं.
पिछले दो विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मारी है बाजी
हिमाचल में बीजेपी की सरकार बनने के सपने उस समय ध्वस्त हो गाए जब कांग्रेस ने 68 में से 40 सीट जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया. बीजेपी को यहां 25 सीटें ही मिल पाईं थीं. इसके अलावा इसी साल बीजेपी को सबसे बुरी हार का सामना कर्नाटक में करना पड़ा था. यहां सत्ता में होने के बावजूद बीजेपी कहीं भी टक्कर देते नहीं दिखी. कर्नाटक में 224 सीटों में से कांग्रेस ने 136 सीटें हासिल कर बीजेपी को मात्र 65 सीटों तक सीमित कर दिया था.
हालिया दोनों विधानसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस के पक्ष में गए हैं. चाहे हिमाचल हो या फिर कर्नाटक. कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की 23 सीटें बढ़ी थीं जबकि बीजेपी को 49 सीटों का नुकसान हुआ था.
ये भी पढ़ेंः Lok Sabha Election 2024: पीएम मोदी का कांग्रेस पर वार, 'लोग 2014 से पहले के समय को नहीं भूल सकते, उस समय...'
