नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए वोटिंग 12 मई को होगी. छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों के लिए वोटिंग होगी. इस चरण में भी कई राजनीतिक दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, कांग्रेस का युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रज्ञा सिंह ठाकुर समेत कई नेताओं की किस्मत दांव पर लगी है. आइए जानते हैं छठे चरण में किन नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद होनी है ?

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिष्ठा दांव पर

छठे चरण में उत्तर प्रदेश में कई सीटों पर वीआईपी उम्मीदवार चुनाव लड़ने वाले हैं. आजमगढ़ सीट से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का मुकाबला बीजेपी के दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ से है. वहीं, इलाहाबाद सीट से बीजेपी उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी का मुकाबला कांग्रेस के योगेश शुक्ला से, सुल्तानपुर से बीजेपी की उम्मीदवार और मोदी सरकार में मंत्री मेनका गांधी का मुकाबला कांग्रेस के संजय सिंह से है.

मध्य प्रदेश में प्रज्ञा सिंह ठाकुर और दिग्विजय सिंह के बीच टक्कर

मध्य प्रदेश में इस बार का सबसे चर्चित मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच भोपाल की सीट पर होगा. भोपाल सीट पर बीजेपी की प्रज्ञा सिंह ठाकुर का मुकाबला कांग्रेस के दिग्विजय सिंह से है. वहीं राज्य के दूसरा वीआईपी मुकाबला गुना लोकसभा सीट पर है जहां कांग्रेस के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का मुकाबला बीजेपी के केपी यादव से है.

दिल्ली में शीला दीक्षित, मनोज तिवारी समेत कई VIP उम्मीदवार

दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर 12 मई तो छठे चरण में वोटिंग होगी. इन सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणिय मुकाबला है. दिल्ली की सभी सात सीटों पर कोई न कोई VIP उम्मीदवार है.

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से तीन बार की सीएम और दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित को टक्कर दे रहे हैं. आम आदमी पार्टी ने दिलीप पांडे को यहां उम्मीदवार बनाया है.

पूर्वी दिल्ली से क्रिकेट से पॉलिटिक्स में एंट्री लेने वाले बीजेपी के गौतम गंभीर का मुकाबला कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली और आम आदमी पार्टी की आतिशी से है. वहीं दक्षिण दिल्ली की सीट पर बीजेपी के रमेश बिधूड़ी, आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा और कांग्रेस के विजेंदर सिंह के बीच टक्कर है. दिल्ली के चांदनी चौक सीट से आप ने इस बार पंकज गुप्ता और कांग्रेस ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल को उतारा है. यह दोनों केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को टक्कर देंगे.

वहीं उत्तर पश्चिम दिल्ली की लोकसभा सीट पर बीजेपी ने इस बार मौजूदा सांसद उदित राज का टिकट काटकर हंस राज हंस को चुनावी मैदान में उतारा है. कांग्रेस ने इस सीट पर राजेश लिलोथिया और आप ने गुगन सिंह को टिकट दिया है. पश्चिम दिल्ली​ की सीट से बीजेपी के प्रवेश वर्मा के सामने कांग्रेस के कैंडिडेट महाबल मिश्रा और आप के बलबीर सिंह जाखड़ है.

हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे की प्रतिष्टा दांव पर

हरियाणा की भी 10 सटों पर 12 मई को वोटिंग होगीय यहा सबसे वीआईपी सीट सोनिपत की सीट है. यहां से कांग्रेस ने दो बार के सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चुनावी मैदान में उतारा है. भूपेंद्र सिंह का सामना इस सीट पर मौजूदा सांसद रमेश कौशिक है. वहीं जेजेपी के दिग्विजय सिंह चौटाला भी सोनीपत सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. हरियाणा की दूसरी वीआईपी सीट है रोहतक जहां भूपेन्द्र हुड्डा के बेटे और मौजूदा सांसद दीपेन्द्र हुडड्डा को बीजेपी के अरविंद शर्मा टक्कर दे रहे हैं.

बिहार में राधामोहन सिंह को चुनौती देंगे आकाश सिंह

पूर्वी चंपारण लोकसभा सीट पर इस समय दोनों तरफ से प्रतिष्ठाएं दांव पर हैं. मोतिहारी से पांच बार के सांसद रहे राधामोहन सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगने की वजह यह है कि वे इस बार अपना आखिरी चुनाव लड़ रहे हैं और उनके सामने जो RLSP उम्मीदवार आकाश सिंह हैं वो राजनीति में अपना डेब्यू कर रहे हैं. ऐसे में उनके सामने बड़ी चुनौती न सिर्फ जीतने की है बल्कि जीत का मार्जिन भी बरकरार रखने की है. क्योंकि 2014 के चुनाव में राधामोहन सिंह को 49 प्रतिशत वोट मिले थे. जबकि उनके सामने आरजेडी उम्मीदवार विनोद श्रीवास्तव को 26 प्रतिशत वोट मिले थे. वहीं वैशाली लोकसभा सीट से आरजेडी के प्रत्यासी रघुवंश प्रसाद सिंह का मुकाबला लोकजनशक्ति पार्टी की वीणा देवी से है.

झारखंड से इस बार किस्मत आजमा रहे हैं कीर्ति आजाद

झारखंड की धनवाद लोकसभा सीट पर बीजेपी छोड़ कांग्रेस का दामन थामने वाले कीर्ति आजाद की किस्मत दांव पर लगी है. इस बार बिहार के दरभंगा लोकसभा सीट की जगह उन्हें धनवाद से टिकट दिया गया है. उनके सामने बीजेपी के पशुपति नाथ सिंह हैं.

यह भी देखें