नई दिल्ली: केरल में वायनाड सीट पर राहुल गांधी के खिलाफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए की तरफ से तुषार वेल्लापल्ली को उम्मीदवार बनाया गया है. तुषार वेल्लापल्ली NDA के सहयोगी दल भारत धर्म जन सेना के नेता हैं. वायनाड कांग्रेस का गढ़ है और वहां जातिय और धार्मिक समीकरण भी कुछ ऐसा है कि तुषार वेल्लापल्ली को राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारने से मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर तुषार वेल्लापल्ली हैं कौन जो वायनाड सीट पर राहुल गांधी को चुनौती देंगे.

कौन हैं तुषार वेल्लापल्ली

भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) के तुषार वेल्लापल्ली अध्यक्ष हैं. तुषार वेल्लापल्ली केसवन नटसन के पुत्र हैं और ईज़हावा समुदाय से संबंध रखते हैं. बता दें कि ईज़हावा समुदाय वायनाड की कुल आबादी का लगभग 22 प्रतिशत है. तुषार वेल्लापल्ली केरल में एनडीए के राज्य संयोजक भी हैं. इससे पहले उनके नाम की घोषणा त्रिशूर से उम्मीदवार के रूप में की गई थी. हालांकि, राहुल गांधी द्वारा वायनाड को दूसरी सीट के रूप में चुनने की घोषणा के बाद अब एनडीए ने उनके खिलाफ लड़ने के लिए तुषार को वहां से लड़ने को कहा है.

क्यों बनी भारत धर्म जन सेना पार्टी

ईज़हावा और तिया समुदाय की भलाई और विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीडीजेएस की स्थापना नटसन द्वारा की गई थी. इस पार्टी की स्थापना 2015 में की गई थी. 2016 में इस पार्टी का एलायंस एनडीए में हो गया था. वायनाड के जाति और धर्म अनुपात को देखते हुए एनडीए को उम्मीद है कि तुषार वेल्लापल्ली कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले निर्वाचन क्षेत्र में राहुल गांधी को टक्कर दे सकते हैं.

वायनाड सीट पर राहुल गांधी के खिलाफ तुषार वेल्लापल्ली होंगे उम्मीदवार, अमित शाह ने की घोषणा

यह भी देेखें