नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के कटिहार में मुसलमानों को लेकर दिए बयान को लेकर चुनाव आयोग ने 72 घंटे उनके चुनाव प्रचार करने पर प्रतिबंध लगाया है. सिद्धू ने कटिहार से चुनाव लड़ रहे तारिक अनवर के पक्ष में प्रचार करते हुए विवादित बयान दिया था. सिद्धू पर यह प्रतिबंध कल सुबह 10 बजे से लागू होगा.
सिद्धू ने क्या कहा था? रैली में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा था कि ''अगर तुमलोग इकट्ठे हुए, 64 फीसदी आपकी आबादी है. अल्पसंख्यक मेजोरिटी में है यहां पर, यदि तुम इकट्ठे हुए और एकजुट होकर वोट डाला तो सब उलट जाएंगे, मोदी सुलट जाएगा, छक्का लग जाएगा.''
बिहार में कटिहार लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार तारिक अनवर ने नवजोत सिंह सिद्धू के विवादित बयान की निंदा की थी. उन्होंने कहा था कि वह मज़हब के नाम पर राजनीति के बदले हारना पसंद करेंगे. विपक्षी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस प्रत्याशी तारिक अनवर के पक्ष में मुस्लिम बहुल कटिहार में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिद्धू ने विवादित टिप्पणी की थी.
बता दें कि विवादित बयानों को लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह से सख्त है. इससे पहले आयोग यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, सपा नेता आजम खान और बीएसपी सुप्रीमो मायावती के चुनाव प्रचार करने पर अलग-अलग समय के लिए प्रतिबंध लगा चुका है.
मोदी को फिर से PM बनाने के लिए साथ काम कर रहे हैं कांग्रेस और लेफ्ट- ममता बनर्जी
यह भी देखें
