एबीपी न्यूज़ का सर्वे: लोकसभा चुनाव 2019 का शंखनाद हो गया है. चुनाव की घोषणा के साथ ही एबीपी न्यूज़ आपके लिए लेकर आया है देश का सबसे ताजा ओपिनियन पोल. यहां हम आपको बता रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य के लोगों का क्या है 2019 के चुनाव में मूड.
एबीपी न्यूज़ और सी वोटर सर्वे के मुताबिक राज्य में बीजेपी का पलड़ा भारी है. सर्वे के मुताबिक एनडीए यहां 24 सीटें जीत सकत है. वहीं, गुजरात विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस को सर्वे के मुताबिक कोई फायदा नहीं मिलने वाला है. एबीपी न्यूज़ और सी वोटर के सर्वे में कांग्रेस को राज्य में केवल 2 सीटें मिलती दिख रही है.
वहीं, वोट शेयर की बात करें तो इसमें भी बीजेपी, कांग्रेस से काफी आगे है. बीजेपी को जहां 53.1 फीसदी वोट सर्वे के मुताबिक मिल रहा है तो कांग्रेस को 40.3 फीसदी वोट मिलने की संभावना है. वोट शेयर के हिसाब से देखें तो बीजेपी कांग्रेस से लगभग 13 फीसदी अधिक वोट पा रही है.
2014 के लोकसभा चुनाव की बात करें तो उस वक्त बीजेपी ने राज्य में क्लीनस्वीप किया था. बीजेपी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में सभी 26 सीटें जीती थीं. साल 2017 के विधानसभा चुनावों में राज्य की 182 सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी 100 सीटों का आंकड़ा नहीं छू पाई थी.
नोट- एबीपी न्यूज़- सी वोटर ने देश की सभी 543 लोकसभा सीटों पर यह सर्वे किया है. ये सर्वे फरवरी 2019 के पहले हफ्ते से लेकर मार्च 2019 के पहले हफ्ते के दौरान किया गया है. इस सर्वे में 50 हजार से ज्यादा लोगों की राय ली गई.
