नई दिल्ली: कर्नाटक में आज कई दिनों से जारी चुनाव प्रचार थम जाएगा. विधानसभा की 224 सीटों में से 223 सीटों पर परसों सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी. 15 मई को उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा. बेंगलुरु की जयनगर विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार बीएन विजयकुमार की मौत हो जाने से इस सीट पर चुनाव टल गया है.
चुनाव प्रचार के दौरान सभी दलों ने जमकर अपना दमखम दिखाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 रैलियां कीं, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कुल नौ बार कर्नाटक का दौरा किया. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी कर्नाटक में चुनावी हुंकार भरी. सोनिया गांधी 21 महीने बाद किसी चुनावी रैली को संबोधित किया.
चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर निशाना साधा. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी पर जमकर हमला बोला और कर्नाटक में सिद्धारमैया सरकार की तारीफ की. वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने पलटवार करते हुए राज्य सरकार से लेकर कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर हमला किया.
आज का कार्यक्रम
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 9 बजे नमो एप के जरिये कर्नाटक बीजेपी के एससी/एसटी/ओबीसी और स्लम मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.
- बेंगलुरु में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह आज दोपहर 3 या 4 बजे अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
- बेंगलुरु में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज एक प्रेस कांफ्रेन्स करेंगे. इसमें कांग्रेस के सीएम उम्मीदवार सिद्धारमैया, डॉ जी. परमेश्वर, मल्लिकार्जुन खडगे, सीके वेणुगोपाल, डीके शिवकुमार, और अन्य नेता मौजूद रहेंगे.
- प्रेस क्लब ऑफ बेंगलुरु और और बेंगलुरु रिपोर्ट्स गिल्ड ने आज संयुक्त रुप से मीट द प्रेस आयोजित की है. इसे जेडीएस के राज्य प्रमुख एच डी कुमारस्वामी संबोधित करेंगे.
- मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान आज दूसरे दिन भी कर्नाटक में चुनाव प्रचार करेंगे. वह सुबह 9 से 10 बजे के बीच बेंगलुरु के चिक्कापेठ मे रोड शो करेंगे. इसके बाद वह मैसूर में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रोड शो करेंगे.
