बेंगलुरू: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के रण में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ खुद होंगे. पीएम मोदी तीन तो वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के फायर-ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ पांच रैलियों को संबोधित करेंगे. जहां उनके निशाने पर पिछले पांच साल से राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस होगी. वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज से दो दिनों के कर्नाटक दौरे पर हैं.

बीजेपी के मुताबिक, पीएम मोदी गुलबर्ग के कलबुर्गी में साढ़े बारह बजे पहली जनसभा को संबोधित करेंगे. उसके बाद मोदी बेल्लारी में तीन बजे और बेंगलुरू (नॉर्थ) में साढ़े पांच बजे रैली करेंगे.

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल मोबाइल एप के जरिए किसानों से चर्चा की थी. इससे पहले मोदी ने मंगलवार को कर्नाटक में चुनावी रैलियों को संबोधित किया था. इस दौरान उनके निशाने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी थे. कर्नाटक में कांग्रेस बीजेपी को कड़ी चुनौती पेश कर रही है.

राहुल आज चार कर्नाटक के बीदर जिले के औरद, भाल्की और हुमनाबाद इलाके में नुक्कड़ सभाएं करेंगे. इससे पहले राहुल सात बार राज्य का दौरा कर चुके हैं. राहुल गांधी सात मई से 10 मई तक फिर से राज्य का दौरा करेंगे.

कर्नाटक चुनाव: पीएम मोदी और देवगौड़ा कर रहे हैं एक दूसरे की तारीफ, गठबंधन से इनकार