गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस पूरी तरह तैयार हैं. दोनों ही पार्टी गुजरात में जीत के दावे कर रही हैं और इसके लिए लगातार कोशिश भी. अब सूत्रों के हवाले से एक बड़ी खबर आई है. गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एनसीपी और बीटीपी से गठबंधन कर सकती है. तीनों पार्टी एकजुट होकर बीजेपी के खिलाफ राज्य में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे.
वहीं खबर है कि गठबंधन के तहत एनसीपी और बीटीपी के लिए चार–चार सीट कांग्रेस छोड़ सकती है. यहां आपको बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी आदिवासी नेता छोटू बसावा की पार्टी भारतीय ट्राइबल पार्टी के साथ कांग्रेस का गठबंधन था. बीटीपी को छह सीटें मिली थीं इसमें उसे दो पर जीत हासिल हुई थी. एक बार फिर ये दोनों पार्टी साथ आ रहे हैं. गठबंधन को लेकर कल शाम कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति में भी चर्चा हुई.
बता दें कि गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं. 15वें विधानसभा चुनावों की घोषणा इस महीने के अंत तक होने की उम्मीद की जा रही है. ऐसे में तमाम राजनीतिक दल अब चुनावी मोड में हैं.
