Lok Sabha Election 2019: पांचवें चरण में 6 मई को सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान हो रहा है. चुनाव सुधार के लिए काम करने वाली संस्था एसोसियशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) ने इस चरण में चुनाव लड़ रहे 674 में से 668 उम्मीदवारों के हलफनामों के आधार पर उनकी शिक्षा का ब्यौरा दिया है. एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक इस चरण में 14 उम्मीदवारों के पास पीएचडी की डिग्री है, जबकि 9 उम्मीदवार निरक्षर हैं.

एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इस चरण में चुनाव लड़ रहे 14 उम्मीदवारों के पास पीएचडी की डिग्री है. 162 उम्मीदवारों नो पोस्ट ग्रेजुएशन किया है. 201 कैंडिडेट ऐसे हैं, जिन्होंने ग्रेजुएशन किया है. वहीं 77 उम्मीदवारों ने प्रोफेशनल कोर्स में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल कर रखी है.

पांचवें चरण में 142 उम्मीदवार बारहवीं पास हैं. 120 उम्मीदवारों ने 10वीं क्लास पास की है. 98 उम्मीदवारों ने 8वीं क्लास तक पढ़ाई की है. 44 उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्होंने 5वीं तक पढ़ाई की है. 34 उम्मीदवार स्कूल तो गए हैं, पर 5वीं तक पढ़ाई नहीं की. 9 उम्मीदवारों ने खुद को निरक्षर बताया है.

एडीआर ने एजुकेशन के अलावा उम्मीदवारों की संपत्ति और आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी अपनी रिपोर्ट में दी है. रिपोर्ट के मुताबिक इस चरण में 184 उम्मीदवार करोड़पति हैं. 126 उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले होने की जानकारी दी है. इस चरण में 95 उम्मीदवारों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.

पांचवां चरण: सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जयंत, राज्यवर्धन, राजीव प्रताप और बाबूलाल की किस्मत होगी EVM में कैद