Lok Sabha Election 2019: तेंलगाना में लोकसभा चुनाव से पहले मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को एक के बाद एक बड़े झटके लगने का दौर जारी है. कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आनंद भास्कर राव बीजेपी में शामिल हो गए. कुछ दिन पहले ही पार्टी की नीतियों से नाराजगी जाहिर करते हुए आनंद भास्कर राव ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था.

आनंद भास्कर राव ने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता जेपी नड्डा की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली. सदस्यता लेते समय भास्कर राव ने बीजेपी ने पार्टी और पीएम मोदी की नीतियों में आस्था होने की बात कही.

वहीं बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने कहा, ''आनंद भास्कर राव जमीन से जुड़े हुए नेताओं में से एक हैं. तेलंगाना में भास्कर राव की पार्टी के लिए भूमिका बड़ी होने वाली है.''

पूर्व राज्यसभा सांसद ने कांग्रेस के लिए करीब 25 साल तक काम किया है. विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट नहीं मिलने की वजह से ही भास्कर राव पार्टी से नाराज चल रहे थे और मार्च में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था.

दिसंबर में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी पार्टी को टीआरएस के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था. इतना ही नहीं अब तक पार्टी के 19 में से 10 विधायक टीआरएस में शामिल हो चुके हैं.

बता दें कि तेलंगाना में एक ही चरण में 11 अप्रैल को सभी 17 सीटों पर वोटिंग होनी हैं. लोकसभा चुनाव के नतीजे 23 मई को घोषित होने हैं.

यूपी: अखिलेश को बड़ा झटका, चुनाव से ऐन पहले गोरखपुर से एसपी सांसद प्रवीण निषाद बीजेपी में शामिल