Lok Sabha Election 2019: चुनाव आयोग की सख्त कार्रवाई के बावजूद प्रचार के दौरान नेताओं के विवादित बयान देने का सिलसिला जारी है. हिमाचल प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को अपना बयान देना फिर से मंहगा पड़ सकता है. चुनाव आयोग ने सतपाल सिंह के बयान पर एक्शन लेते हुए नोटिस भेजकर जवाब मांगा है.
सतपाल सिंह सत्ती ने मंडी में विवादित बयान देते हुए कहा था कि ''जो भी हाथ मोदी की तरफ उठेगा, वह उसे काट देंगे.'' सतपाल सिंह यहीं नहीं रुके थे और उन्होंने मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी को लेकर भी विवादित बात कही थी.
इस चुनाव में यह दूसरा मौका है जब सतपाल सिंह सत्ती अपने विवादित बयान की वजह से चुनाव आयोग के निशाने पर आए हैं. कुछ दिन पहले ही सतपाल सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर भी अपशब्द कहे थे. चुनाव आयोग ने उस बयान पर एक्शन लेते हुए सत्ती के प्रचार करने पर 48 घंटे का बैन लगा दिया था.
सतपाल सिंह सत्ती के अलावा इस चुनाव में कई बड़े नेता चुनाव आयोग के निशाने पर आ चुके हैं. चुनाव आयोग ने सबसे पहले एक्शन लेते हुए योगी आदित्यनाथ, मायावती पर 3 दिन और 2 दिन के लिए प्रतिंबध लगाया था. इसके बाद मेनका गांधी, आजम खान और नवजोत सिंह सिद्धू भी विवादित बयानों की वजह से चुनाव आयोग के निशाने पर आ चुके हैं.
HP: चुनाव आयोग के बैन के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने फिर दिया आपत्तिजनक बयान
