चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव में नेताओं की बदजुबानी जारी है. मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की तुलना 'मरी हुई चुहिया' से की तो वहीं इसके जवाब में कांग्रेस नेता नितिन राउत ने खट्टर को 'खच्चर' बता दिया. कांग्रेस ने बीजेपी नेता खट्टर से माफी की मांग की है.
महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन राउत ने कहा, ''पहली बात तो हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर नहीं बल्कि 'खच्चर' हैं. उनको अगर इस प्रकार का बयान देना है तो उन्हें ऐसा बयान मोदीजी के बारे में देना चाहिए. क्योंकि मोदीजी के बारे में लोग समझ रहे हैं कि मोदीजी बहुत अच्छी आर्थिक उन्नति करेंगे, देश का विकास करेंगे. देश संपन्न होगा, देश में बहुत रोजगार आएंगे, उद्योग जगत बढ़ेगा लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं है. तो खोदा पहाड़ निकला चूहा तो मोदीजी के लिए परफेक्ट बैठता है. तो इसलिए खट्टर साहब को मेरा कहना है कि आप मोदीजी के लिए बोलिए न ये बयान, हम स्वागत करेंगे.''
मनोहर लाल खट्टर के बयान पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रमुख सुष्मिता देव ने कहा कि इस 'असंसदीय एवं निंदनीय' बयान के लिए बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने एक बयान जारी कर कहा, ''मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की टिप्पणी की निंदा करती हूं.'' सुष्मिता ने कहा, ''उनकी टिप्पणी असंसदीय और निंदनीय है. यह महिलाओं के प्रति उनके और भाजपा के अपमानजनक रुख को दर्शाता है.''
मनोहर लाल खट्टर ने क्या कहा? हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक सभा में कहा, "लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल (राहुल गांधी) ने पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ दिया और कहा कि नया कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा... हमने इस निर्णय का स्वागत किया था... वंशवाद की राजनीति को खत्म करने के लिए यह अच्छा फैसला था... फिर, इन लोगों ने देशभर में (नए अध्यक्ष की) तलाश शुरू की... तीन महीने के बाद, उन्होंने सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया... यह तो ऐसा हुआ, जैसे खोदा पहाड़, निकली चुहिया, वह भी मरी हुई.''
हरियाणा चुनाव: मनोहर लाल खट्टर का विवादित बयान, सोनिया गांधी की तुलना 'मरी हुई चुहिया' से की