Lok Sabha Election 2019: राजस्थान की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी ने लोकसभा चुनावों के लिए 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, बालीवुड अभिनेत्री हेमामालिनी, केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गड़करी, अरुण जेटली, स्मृति ईरानी का नाम शामिल हैं.

बीजेपी प्रवक्ता ने स्टार प्रचारकों की सूची में सुषमा स्वराज, पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, प्रकाश जावडेकर, अर्जुनराम मेघवाल, सी.आर. चौधरी, पी.पी. चौधरी, गजेन्द्र सिंह शेखावत, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम होने की जानकारी दी. बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, राज्यसभा सांसद डॉ किरोडी लाल मीणा सहित राज्य के कई पूर्व मंत्री भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं.

बता दें कि राज्य में चुनाव दो चरणों में होना है. पहले चरण में 13 सीटों के लिए 29 अप्रैल को और दूसरे चरण के 12 सीटों के लिये 6 मई को मतदान होना है. 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी राज्य की 25 में से 25 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही थी. हालांकि दिसंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी को कांग्रेस के हाथों हार का सामना करना पड़ा.