प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में चुनाव की घोषणा के बाद गोगामुख में अपनी पहली जनसभा को संबोधित करते हुए जीत का भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि जनता का यह अपार प्यार इस बात की खुली घोषणा है कि इस बार हैट्रिक पक्की है. उन्होंने आगे कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें प्रधानमंत्री पद की हैट्रिक लगाने का अवसर मिला है और इसी तरह राज्य में भी सरकार की हैट्रिक तय है.
क्षेत्र से जुड़ाव पर जोरप्रधानमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र उनके लिए विशेष महत्व रखता है. उन्होंने उल्लेख किया कि यहां से मालिनी थान अधिक दूर नहीं है, जो भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी एक पवित्र नगरी मानी जाती है. कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी धेमाजी के गोगामुख में रैली को संबोधित करने के बाद, उनका विश्वनाथ जिले में एक बजे एक जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है.
आवास योजना की उपलब्धियांपीएम मोदी ने बताया कि अब तक 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी के संकल्प पत्र में यह वादा किया गया है कि जिन परिवारों को अभी तक मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें भी घर दिए जाएंगे. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी की तीसरी हार तय है. कांग्रेस के 'राजकुमार' हार का शतक लगाएंगे. उन्होंने सर्वानंद सोनोवाल और हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में हुए 10 साल के सुशासन को सराहा.
भविष्य की योजनाएंउन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में 15 लाख और गरीब परिवारों को पक्के घर देने की गारंटी है. इसके साथ ही गरीब परिवारों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करने की योजना को भी उन्होंने सराहनीय बताया. महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत असम की तीन लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति बाईदेव’ बन चुकी हैं. उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार का लक्ष्य अब 40 लाख महिलाओं को ‘लखपति बाईदेव’ बनाना है. इसके अलावा ‘ओरुनोदोई’ योजना का विस्तार किया जाएगा और इसमें अतिरिक्त लाभ भी जोड़े जाएंगे.
