Lok Sabha Election 2019: VVPAT पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका खारिज होने के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की है. इस मुलाकात में चंद्रबाबू नायडू ने 21 मई को विपक्षी दलों की बैठक बुलाने की योजना पर चर्चा की.
लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से दो दिन पहले यह बैठक बुलाए जाने की संभावना है. लोकसभा चुनाव के नतीजे 23 मई को आने हैं. सूत्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के लिए निकलने से पहले नायडू ने राहुल से मुलाकात की. बंगाल में वह तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में रैलियां करेंगे.
सूत्रों ने बताया कि तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख ने वीवीपीएट मुद्दे, पांच चरणों के मतदान प्रतिशत और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के घटनाक्रमों पर चर्चा की. सूत्रों के मुताबिक नायडू और गांधी ने चुनाव के बाद के परिदृश्य पर भी चर्चा की और दोनों 21 मई को विपक्षी दलों की बैठक बुलाने पर लगभग सहमत हो गए.
देश में लोकसभा चुनाव सात चरणों में हो रहे हैं और मतगणना 23 मई को होगी. नायडू पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के साथ मुलाकात कर बुधवार और गुरुवार को उनके साथ बंगाल में रैलियां भी करेंगे.
इससे पहले नायडू ने सुप्रीम कोर्ट में VVPAT से जुड़ी हुई याचिका खारिज होने के बाद कहा था कि वह देश में चुनाव सुधार के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.
