नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव में बीजेपी की जीत को लेकर दिए पाकिस्तानी पीएम इमरान खान के बयान ने विपक्षी पार्टियों को मोदी पर निशाना साधने का मौका दे दिया है. दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने इसी बहाने मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा है कि अगर बीजेपी की जीत हुई तो पाकिस्तान में पटाखे फूटेंगे.
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ''पाकिस्तान मोदी जी को क्यों जिताना चाहता है? मोदी जी देश को बताएं कि पाकिस्तान के साथ उनके कितने गहरे रिश्ते हैं? सभी भारतवासी जान लें कि अगर मोदी जी जीते तो पाकिस्तान में पटाखे फूटेंगे.''
राज्यसभा सांसद और आप नेता संजय सिंह ने इमरान खान के बयान का जिक्र कर पुलवामा घटना पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा, ''अगर मोदी चुनाव जीत गये तो पाकिस्तान में पटाखे दगेंगे, ईद मनाई जायेगी, क्या इमरान खान ने मोदी को चुनाव जिताने के लिये पुलवामा की घटना कराई? पुलवामा घटना के बाद भी मोदी ने पाकिस्तान डे पर बधाई देकर इमरान से क्या समझौता किया?''
बता दें कि पीएम मोदी और बीजेपी के नेता अक्सर विपक्षी पार्टियों के चुनाव जीतने पर पाकिस्तान में पटाखे फूटने का जिक्र करते हैं. वहीं इमरान खान ने कहा था कि अगर बीजेपी दोबारा चुनाव जीतती है तो भारत के साथ शांति वार्ता को लेकर अच्छा होगा. इमरान खान ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार आई तो शायद ये मुमकिन नहीं होगा.
