रायपुर: एबीपी न्यूज़ के कार्यक्रम शिखर सम्मेलन में अजीत जोगी ने कहा कि हम अपने दम पर सरकार बनाएंगे. लोग बीजेपी से काफी निराश हैं. इस बार जनता तीसरा विकल्प तलाश रही है जो हम हैं.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी हारेंगे तभी हम जीतेंगे. मेरे ऊपर हत्या का झूठा मामला रमन सिंह ने दर्ज कराया. मैं मंदिर गया था दर्शन करने, रमन सिंह ने मेरे पर मंदिर में चोरी करने का दर्ज करा दिया. उन्होंने कहा कि इलाज कराएंगे लेकिन मुझे एक पैसा रमन सरकार की तरफ से नहीं मिला.

जोगी ने कहा कि मेरे बेटे पर केस कराया, न्यायपालिका से हमें राहत मिली. मेरे ऊपर जाति का केस चल रहा है. वो मुझे आदिवासी मानने से, अनूसूचित जाति, बाकी अन्य जातियों का मानने से इंकार करते हैं. 1986 से आज तक इस केस को खत्म नहीं होने दिया गया है.

उन्होंने कहा कि जैसे पहले मैं चंदा लेकर कांग्रेस को चुनाव लड़ाता था, अब भी चंदा लेकर चुनाव अपने लोगों को लड़ा रहा हूं. मुझ पर आज तक कभी कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है.

अजीत जोगी ने कहा कि मैं सोनिया जी के पास गया और कहा कि अब लौट कर दिल्ली नहीं आऊंगा. कहा कि क्षेत्रीय पार्टी बनाऊंगा जिसके फैसले दिल्ली में नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ में होंगे. मैंने घोषणापत्र नहीं बल्कि शपथपत्र दिया है.

अजीत जोगी ने कहा कि कांग्रेस ने मुझे नहीं निकाला, मैंने अपने मन से पार्टी छोड़ी, बात करके छोड़ी. छत्तीसगढ़ अमीर प्रदेश है लेकिन कुछ इलाके बहुत गरीब क्यों हैं. विकास क्यों नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी के साथ रहूं तो जो चाहूं नहीं कर पाऊंगा. एक बांध बन रहा है जिसका समर्थन दोनों पार्टी कर रही हैं, मैं कांग्रेस में होता तो विरोध नहीं कर पाता, अब कर पाऊंगा. जोगी ने कहा, मैं बचपन से राहुल को जानता हूं. मैं बीमार हुआ तो राहुल जी का फोन आया. हमारे संबंध अच्छे हैं. मैं सार्वजनिक रूप से कभी उस परिवार पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा. उन्होंने साफ कहा कि हमारी पार्टी और गठबंधन चुनाव जीतेंगे और सरकार बनाएंगे. मैं 90 जगहों पर प्रचार करूंगा और चुनाव नहीं लड़ूंगा.