Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक दलों के बीच तल्खियां भी बढ़ती जा रही है. दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थकों की देशभक्ति पर सवाल उठा दिये हैं. उन्होंने आज ट्वीट कर कहा, ''मोदी भक्त कभी देश भक्त नहीं हो सकता और देश भक्त कभी मोदी भक्त नहीं हो सकता. अब समय आ गया है - आपको तय करना होगा कि आप देशभक्त हो या मोदीभक्त?''
एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर स्कूल बनने से रोकने के आरोप लगाए. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ''मोदी सरकार ने दिल्ली में स्कूल बनने से रोके. लड़ झगड़ के चार साल बाद आज 11,000 कमरे बनने शुरू हुए. आपको सोचना है कि आप अपने बच्चों से प्यार करते हो या मोदी जी से. बच्चों से प्यार करते हो तो AAP को वोट देना. मोदी जी को वोट दोगे तो वो फिर से आपके बच्चों के स्कूल बनने से रोकेंगे.''
आपको बता दें कि अगले लोकसभा चुनाव में दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी बीजेपी को कड़ी टक्कर देने के मूड में है. दिल्ली में आप सत्ता में है और पंजाब में मुख्य विपक्षी है. 2014 के लोकसभा चुनाव में आप दिल्ली में खाता खोलने में भी नाकामयाब रही थी. वहीं पंजाब में चार सीटों पर कब्जा जमाया था.
दिल्ली-पंजाब दोनों जगह केजरीवाल को लगेगा तगड़ा झटका, खाता भी नहीं खोल पाएगी AAP-सर्वे
हालांकि हालिया सर्वे पर नजर डालें तो आम आदमी पार्टी (आप) को फिर से झटका लग सकता है. एबीपी न्यूज़-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक, बीजेपी 2014 को दिल्ली में दोहरा सकती है. यानि सभी सीटों पर बीजेपी का कब्जा हो सकता है. आप को फिर निराशा हाथ लग सकती है. पंजाब की बात करें तो यहां आम आदमी पार्टी की स्थिति पिछले चुनाव से भी खराब हो सकती है. आप खाता खोलने में भी नाकामयाब रह सकती है.
13 सीटों में से कांग्रेस 12 सीटों पर कब्जा जमा सकती है. आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन होने की अटकलें समय-समय पर लगाई जाती रही है. हालांकि दोनों ही पार्टियां इनकार करती रही है.
