Lok Sabha Election 2019: पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार करते हुए पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस के विधायकों को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है. मोदी का कहना है कि 23 तारीख को नतीजे आने के बाद जब चारों तरफ कमल खिलेगा तो टीएमसी के विधायक ममता बनर्जी का साथ छोड़कर भाग जाएंगे. इससे पहले बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने भी टीएमसी के विधायकों के संपर्क में होने का दावा किया था.

श्रीरामपुर में अपनी रैली के दौरान पीएम मोदी ने टीएमसी के 40 विधायकों के संपर्क में होने का दावा किया. मोदी ने कहा, ''23 मई को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद हर जगह कमल का फूल लहराएगा. दीदी नतीजे आने के बाद कमल खिलेगा और देखना आपके एमएलए साथ छोड़ देंगे. टीएमसी के 40 विधायक मेरे संपर्क में हैं. दीदी तुम्हारा बचना मुश्किल है, क्योंकि आपने विश्वासघात किया है.''

पिछले महीने टीएमसी से बीजेपी में शामिल हुए अर्जुन सिंह ने भी टीएमसी के विधायकों को लेकर इसी तरह का दावा किया था. अर्जुन सिंह का कहना था कि टीएमसी के 100 विधायक जल्द ही बीजेपी में शामिल होंगे.

अर्जुन सिंह ने कहा था, ''टीएमसी के 100 विधायक बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं. ये सभी विधायक लगातार बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं. कुछ चुनाव से पहले और कुछ चुनाव के बाद बीजेपी में शामिल होंगे.''

बता दें कि अर्जुन सिंह के साथ टीएमसी के दो सांसद भी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे.