पेपर लीक विवाद के बाद CBSE ने 10वीं के गणित का एग्जाम दोबारा नहीं लेने का फैसला किया है. इससे पहले CBSE ने कहा था कि वह पेपर लीक की जांच पूरी होने के बाद दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में ये पेपर दोबारा करवा सकता है.

CBSE ने 12वीं के इकोनॉमिक्स और 10वीं के गणित पेपर लीक सामने आने के बाद 30 मार्च को पेपर दोबारा करवाने की बात कही थी. CBSE ने कहा था कि 25 अप्रैल को 12वीं के इकोनॉमिक्स के पेपर दोबारा होंगे. वहीं 10वीं के गणित के पेपर दोबारा करवाने पर कोई फैसला नहीं लिया गया था.

अब CBSE ने ऑफिशियल बयान जारी करके साफ कर दिया है कि 10वीं के गणित का पेपर देशभर में दोबारा कहीं नहीं होगा. सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने CBSE से पूछा था कि वह 10वीं के गणित के पेपर दोबारा करवाने पर स्थिति साफ करे.

इससे पहले CBSE ने जानकारी दी थी कि वह 10वीं के पेपर लीक होने की जांच कर रही है. अगर जांच में यह पाया जाता है कि पेपर लीक हुआ है तो दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में जुलाई के अंत में गणित का पेपर दोबारा करवाया जा सकता है. लेकिन CBSE के इस फैसले से साफ हो गया है कि 10वीं के पहले लिए गए गणित के एग्जाम के आधार पर ही रिजल्ट घोषित किए जाएंगे.


Education Loan Information:

Calculate Education Loan EMI