Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMICorona Virus का खौफ: यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ स्थगित
एबीपी न्यूज़ | 18 Mar 2020 10:26 AM (IST)
Corona Virus के खौफ के चलते यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ स्थगित, अब 3 अप्रैल से शुरू होगा मूल्यांकन
UP Board Exam Evaluation 2020: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद्, प्रयागराज ने हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की कापियों का मूल्यांकन 2 अप्रैल 2020 तक के लिए स्थगित कर दिया है. अब उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पुनः 3 अप्रैल 2020 से पूर्व निर्धारित समय से शुरू किया जाएगा. माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यह फैसला कोरोना वायरस (कोविड 19) के प्रसार पर रोक लगाने के सरकार के प्रयासों को ध्यान में रखते हुए लिया है. विदित है कि यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च 2020 को आरंभ हुआ था. इन कापियों के मूल्यांकन में करीब 1.47 लाख अध्यापकों को लगाया गया है. इन परीक्षकों के द्वारा प्रदेश भर में बने 275 केन्द्रों पर लगभग 3 करोड़ से अधिक कापियों का मूल्यांकन किया जायेगा. मूल्यांकन का कार्य 16 मार्च से 25 मार्च के बीच होना था. बता दें कि यूपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्थगित होने के कारण बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट घोषित होने में अब देरी हो सकती है. यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं परीक्षा के रिजल्ट अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक घोषित किये जाने की संभावना थी. मूल्यांकन होने के कारण ऐसी संभावना जताई जा रही है कि अब यूपी बोर्ड परीक्षा के हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के परिणाम मई के प्रथम सप्ताह के बाद ही जारी किये जा सकेंगे. बतादें कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् की हाई स्कूल की परीक्षाएं फरवरी जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 6 मार्च को संपन्न हुई थी. दोनो कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए करीब 50 लाख से अधिक छात्रों ने फॉर्म भरे थे.