दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए नई शैक्षणिक साल की पूरी तस्वीर सामने आ गई है. डायरेक्टरेट ऑफ एजुकेशन दिल्ली ने 2026-27 सेशन का स्कूल कैलेंडर जारी कर दिया है. इस कैलेंडर में पढ़ाई, परीक्षा, छुट्टियां, दाखिला प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक सब कुछ साफ तारीखों के साथ बताया गया है. नया सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा और स्कूलों की दिनचर्या इसी योजना के अनुसार चलेगी.
कैलेंडर के अनुसार, गर्मी की छुट्टियां 11 मई से 30 जून तक रहेंगी. अक्टूबर में 17 से 19 तारीख तक अवकाश होगा. सर्दियों की छुट्टियां 1 जनवरी से 15 जनवरी 2027 तक तय की गई हैं. वहीं कक्षा 3 से 12 तक की मध्यावधि परीक्षाएं 15 सितंबर से 13 अक्टूबर के बीच होंगी. वार्षिक परीक्षाएं कक्षा 3 से 9 और 11 के लिए 15 फरवरी से 23 मार्च 2027 तक कराई जाएंगी और मार्च के अंत तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे.
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कैलेंडर में
इस बार कैलेंडर में केवल स्कूल की पढ़ाई ही नहीं, बल्कि बड़े एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी का समय भी जोड़ा गया है. Joint Entrance Examination Main, National Eligibility cum Entrance Test, Common University Entrance Test और Common Law Admission Test जैसे एग्जाम के रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा जुलाई में बताई गई है. इससे छात्र पहले से योजना बनाकर तैयारी कर सकेंगे.
सीयूईटी के लिए खास तैयारी
एनटीए की तरफ से आयोजित CUET परीक्षा मई में कंप्यूटर आधारित टेस्ट के रूप में होगी. यह परीक्षा देश की 47 केंद्रीय विश्वविद्यालयों और कई कॉलेजों में दाखिले का रास्ता खोलती है. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अप्रैल के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है.
कक्षा 11 में दाखिला कब से
कक्षा 10 के परिणाम आने के बाद कक्षा 11 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी. वहीं कक्षा 10 और 12 में नॉन-प्लान एडमिशन के लिए 25 अप्रैल को कॉमन एडमिशन टेस्ट होगा और 28 अप्रैल को उसका परिणाम घोषित किया जाएगा. यह भी पढ़ें - कैंपस दूर नहीं, पर सपने अब भी दूर; पैसे और समाज तय कर रहे पढ़ाई का रास्ता
कक्षा 6 से 9 में नॉन-प्लान दाखिला
नॉन-प्लान श्रेणी के तहत कक्षा 6 से 9 में दाखिला तीन चरणों में ऑनलाइन होगा. पहला चरण 1 अप्रैल दोपहर 12 बजे से 7 अप्रैल शाम 5 बजे तक चलेगा. दूसरा चरण 30 अप्रैल से 25 मई तक और तीसरा चरण 1 जुलाई से 25 जुलाई तक होगा. पहले चरण का स्कूल आवंटन 21 अप्रैल को होगा और दस्तावेज जांच 22 से 30 अप्रैल तक की जाएगी. पूरी प्रक्रिया 31 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी.
आयु सीमा और सहायता केंद्र
31 मार्च 2026 तक कक्षा 6 से 9 में दाखिले के लिए आयु 10 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए. कुछ विशेष मामलों में स्कूल प्रशासन छूट दे सकता है. दाखिले से जुड़े सवालों के लिए एक केंद्रीय हेल्पलाइन भी बनाई गई है और स्कूल स्तर पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था रहेगी.
रजिस्ट्रेशन कैसे होगा
अभिभावकों को अपने बच्चों का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन करना होगा. जो बच्चे पहले से सरकारी या सहायता प्राप्त स्कूल में पढ़ रहे हैं, वे अपने पुराने स्कूल से ट्रांसफर या दोबारा प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करेंगे. 10 से 14 साल के वे बच्चे जो स्कूल से बाहर हैं, वे अपने नजदीकी स्कूल में जाकर पंजीकरण कर सकते हैं. वहां उनकी बुनियादी पढ़ाई की जांच कर उन्हें उचित कक्षा में रखा जाएगा.
यह भी पढ़ें - Karnataka PUC 2 Result 2026: कर्नाटक बोर्ड जल्द जारी करेगा 12वीं क्लास के नतीजे, जानें पिछले साल कब आया था रिजल्ट?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI