शुरुआती कारोबार में 190 अंक की उछाल के साथ सेंसेक्स 33,000 के पार
एजेंसी | 08 Dec 2017 12:29 PM (IST)
ऑटो, कंज्यूमर ड्यरेबल्स शेयरों और ऑटो सेक्टर की अगुवाई में अलग-अलग क्षेत्रों के इंडेक्स में तेजी देखी गई. स्टॉक ब्रोकर्स ने कहा कि रिटेल और घरेलू संस्थागत निवेशकों की ओर से खरीदारी और दूसरे एशियाई बाजारों में मजबूत रुख के चलते घरेलू शेयर बाजार को समर्थन मिला.
नई दिल्लीः ग्लोबल बाजारों में मजबूती का असर भारतीय शेयर बाजार में भी देखने को मिला और रिटेल और घरेलू संस्थागत निवेशकों की ओर से खरीदारी के चलते आज शुरुआती कारोबार में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 33,000 के पार खुला. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 10,200 के स्तर पर पहुंच गया. कल के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स में 352.03 अंक की बढ़त देखी गई थी. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी आज शुरुआती दौर में 60.65 अंक यानी 0.59 फीसदी चढ़कर 10,227.35 अंक पर पहुंच गया. एशियाई बाजारों की भी मजबूत शुरुआत एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई सूचकांक 1.22 फीसदी बढ़ा जबकि हॉन्गकॉन्ग के हेंगसेंग इंडेक्स में शुरुआती कारोबार में 0.57 फीसदी की बढ़त दिखी. हालांकि शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.08 फीसदी नीचे रहा. दोपहर 12:05 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 256.88 अंक यानी 0.78 फीसदी की उछाल के साथ 33,206.09 पर कारोबार कर रहा था. वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 77.80 अंक यानी 0.77 फीसदी की उछाल के साथ 10,244.50 पर कारोबार कर रहा था. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयर पर आधारित संवेदी सूचकांक शुरुआती कारोबार में 190.36 अंक यानी 0.57 फीसदी बढ़कर 33,139.57 अंक पर पहुंच गया. ऑटो, कंज्यूमर ड्यरेबल्स शेयरों और ऑटो सेक्टर की अगुवाई में अलग-अलग क्षेत्रों के इंडेक्स में तेजी देखी गई. स्टॉक ब्रोकर्स ने कहा कि रिटेल और घरेलू संस्थागत निवेशकों की ओर से खरीदारी और दूसरे एशियाई बाजारों में मजबूत रुख के चलते घरेलू शेयर बाजार को समर्थन मिला. निफ्टी में शुरुआती कारोबार में चढ़ने वाले शेयर टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, अडाणी पोर्ट, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, ओएनजीसी, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी लिमिटेड, बजाज आटो, विप्रो, टीसीएस, सिप्ला में 1.68 फीसदी तक की बढ़त देखी गई.