मुंबई: अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच तनाव बढ़ने का असर निवेशकों के रुख पर दिखा. एशियाई बाजारों में धीमा माहौल रहने के बीच शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 59 अंक गिर गया. बंबई शेयर बाजार का 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 59.12 अंक यानी 0.18% गिरकर 31,567.51 अंक पर रहा.
पिछले पांच सत्र के कारोबार में यह 797.13 अंक गिरा है. इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित निफ्टी सूचकांक 26.05 अंक यानी 0.26% गिरकर 9,846.55 पर खुला.
ब्रोकरों के अनुसार अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच प्योंगयांग परमाणु कार्यक्रम को लेकर जारी वाक् युद्ध का असर एशियाई बाजारों पर पड़ा है. साथ ही विदेशी पूंजी के लगातार निकासी से भी शेयर बाजार में गिरावट देखी गई है.
