बैंक शेयरों में कमजोरी के बाद सेंसेक्स में मामूली गिरावट
एजेंसी | 22 Feb 2019 04:45 PM (IST)
आज रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी और आईटीसी के शेयर नुकसान में रहे.

नई दिल्लीः बंबई शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक ‘सेंसेक्स’ में शुक्रवार को मामूली गिरावट आई है. रिजर्व बैंक की नीतिगत बैठक के ब्योरे में वृद्धि को लेकर चिंता जताई गई है जिसके बाद बैंकों के शेयरों में गिरावट रही. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 26.87 अंक या 0.07 फीसदी के नुकसान के साथ 35,871.48 अंक पर आ गया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.80 अंक या 0.01 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 10,791.65 अंक पर बंद हुआ. बीएसई मिडकैप 0.38 फीसदी और स्मॉलकैप 0.77 फीसदी लाभ में रहे. सेंसेक्स की कंपनियों का हाल सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक बैंक का शेयर सबसे अधिक 3.71 फीसदी टूट गया. रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी और आईटीसी के शेयर भी नुकसान में रहे. वहीं दूसरी ओर यस बैंक का शेयर 3.23 फीसदी चढ़ गया. वेदांता, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, ओएनजीसी और हीरो मोटोकॉर्प 2.86 फीसदी तक चढ़ गए. क्यों हुआ बाजार का सेंटीमेंट कमजोर कारोबारियों ने कहा कि पॉजिटिव ग्लोबल रुख के बावजूद रिजर्व बैंक की नीतिगत समीक्षा का ब्योरा सामने आने के बाद निवेशकों की धारणा कमजोर हुई. अपनी पहली मौद्रिक समीक्षा में रिजर्व बैंक गवर्नर शक्तिकान्त दास ने दलील दी है कि वृद्धि को लेकर चिंताओं पर नए सिरे से गौर करने की जरूरत है. इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक आज घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 202.10 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भी 55.48 करोड़ रुपये की लिवाली की.