नए एंड्रॉइड मेलवेयर से 232 बैंकिंग एप पर असरः SBI, HDFC भी चपेट में
एबीपी न्यूज वेब डेस्क | 04 Jan 2018 10:36 PM (IST)
एक नया एंड्रॉइड मेलवेयर सामने आया है जिसने खासतौर पर 232 बैंकिंग एप्स को अपना शिकार बनाया है. इसमें देश के दिग्गज बैंकों जैसे एसबीआई, एचडीएफसी और आईडीबीआई की ऑनलाइन बैंकिंग एप भी शामिल हैं.
प्रतीकात्मक तस्वीर
नई दिल्लीः हाल ही में रैनसमवेयर वायरस से जूझ चुकी कंपनियों के लिए एक और खतरे की घंटी है. हालांकि इस बार निशाना खासतौर पर बैंकिंग कंपनियां हैं. एक नया एंड्रॉइड मेलवेयर सामने आया है जिसने खासतौर पर 232 बैंकिंग एप्स को अपना शिकार बनाया है. इसमें देश के दिग्गज बैंकों जैसे एसबीआई, एचडीएफसी और आईडीबीआई की ऑनलाइन बैंकिंग एप भी शामिल हैं. एंड्रॉइड.बैंकर.ए9480 नाम का ये मेलवेयर फेक फ्लैश प्लेयर एप के जरिए थर्ड पार्टी स्टोर्स पर डिस्ट्रीब्यूट हो रहा है. एंटी वायरस कंपनी क्विक हील ने ये जानकारी दी है. ये मेलवेयर खास तौर पर लॉगइन क्रेडेंशियल्स, एसएमएस का डेटा और आपके कॉन्टेक्स लिस्ट का डेटा हाईजैक कर लेता है या चुरा लेता है. कैसे डेटा चुराता है ये मालवेयर जानकारों से बात करने पर चला है कि इस मैलिशियस एप को स्मार्टफोन पर इंस्टॉल करने के बाद जैसे ही आईकन पर टैप किया जाता है यह स्क्रीन से छुप जाता है. लेकिन यह एप बैकग्राउंड में एक्टिव रहता है यानी खत्म नहीं होता है. बैकग्राउंड में एक्टिव रह ये बैंकिंग एप्स पर नजर रखता है. जो प्रभावित 232 बैंकिंग एप्स आपको बताई गई हैं इनमें से जैसे ही इसे कोई एक एप मिल जाती है ये मैलवेयर वायरस के रूप में बैंकिंग एप से मिलता जुलता फेक नोटिफिकेशन या पॉप-अप भेज देता है. इस नोटिफिकेशन या पॉप अप को ओपन करते ही फेक लॉग इन नोटिफिकेशन के जरिए यूजर के लॉगइन आईडी और पासवर्ड को हैक कर लिया या चुरा लिया जाता है.