Meta AI layoffs 2025: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक की मूल कंपनी मेटा ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विभाग से 600 कर्मचारियों की छंटनी का फैसला लिया है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपने कामकाज को पहले से अधिक तेज और कुशल बनाने की योजना के तहत यह कदम उठा रही है. हालांकि, शुरुआत में मेटा ने इस विभाग में बड़ी संख्या में नियुक्तियां की थीं, लेकिन अब यह निर्णय कई कर्मचारियों के लिए नौकरी का संकट लेकर आया है.
किन नौकरियों पर खतरा?
रिपोर्ट के अनुसार, छंटनी का असर एआई के बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ेगा. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया कि कंपनी अपने बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स को प्रभावित किए बिना यह बदलाव करना चाहती है. साथ ही, मेटा प्रभावित कर्मचारियों को अन्य विभागों में समायोजित करने की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है. कंपनी का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य काम की गति और निर्णय प्रक्रिया को तेज करना है.
क्या है छंटनी की मुख्य वजह?
द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, हाल के महीनों में मेटा ने कई नई नियुक्तियां की थीं, जिससे टीम का आकार बहुत बड़ा हो गया था. अब कंपनी टीम को संक्षिप्त और परिणामोन्मुख बनाना चाहती है. मेटा के चीफ एआई अधिकारी अलेक्जेंडर वांग ने कहा कि इस कदम का मतलब है कि भविष्य में कम बैठकें और चर्चाएं होंगी, जिससे फैसले जल्दी लिए जा सकेंगे.
टेक सेक्टर में छंटनी का दौर जारी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऑटोमेशन के बढ़ते उपयोग के चलते वैश्विक स्तर पर नौकरियों पर खतरा लगातार बढ़ रहा है. हाल ही में न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया कि दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने अपने गोदामों में काम के लिए रोबोट्स को नियुक्त करने का फैसला किया है, जिससे हजारों नौकरियां खतरे में आ गई हैं.
यह भी पढ़ें:शेयर मार्केट में आई जबरदस्त तेजी, सेंसेक्स 668 अंक उछला, निफ्टी 26,050 के पार
