नई दिल्लीः नए वित्तीय वर्ष और कारोबारी सप्ताह की शुरुआत में आज बाजार में एतिहासिक ऊंचाई देखी गई और सेंसेक्स ने पहली बार 39,000 का स्तर पार कर लिया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी जोरदार तेजी आई. स्टॉक मार्केट में शेयरों में जोरदार खरीदारी के कारण सेंसेक्स ने 39 हजार के रिकॉर्ड स्तर को पछाड़ दिया. सुबह करीब 10:18 बजे 335 अंकों के उछाल के साथ सेंसेक्स 39,000 के स्तर पर पहुंचा तो निफ्टी भी रेकॉर्ड ऊंचाई के करीब 11,700 के पार कारोबार कर रहा था. इससे पहले 9 अगस्त 2018 को सेंसेक्स पहली बार 38,000 के पार गया था.
क्यों आ रही है बाजार में तेजी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए रिजर्व बैंक की ओर से ब्याज दरों में कटौती किए जाने के अनुमान से निवेशक उत्साहित हैं. सकारात्मक विदेशी संकेतों और घरेलू मुद्रा में आई मजबूती से बाजार को सपोर्ट मिला और जोरदार लिवाली देखी जा रही है.
कैसे बंद हुआ बाजार बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 198.96 अंक यानी 0.51 फीसदी की उछाल के बाद 38,871.87 पर जाकर बंद हुआ है और एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 31.70 अंक यानी 0.27 फीसदी की तेजी के साथ 11,655.60 पर जाकर बंद हुआ है.
स्मॉलकैप-मिडकैप का कैसा रहा हाल आज मिडकैप और स्मॉलकैप दोनों में तेजी के साथ कारोबार बंद हुआ है. निफ्टी मिडकैप 50 करीब 0.2 फीसदी ऊपर बंद हुआ और निफ्टी मिडकैप 100 में 0.28 फीसदी की बढ़त देखी गई है. निफ्टी स्मॉलकैप 50 में करीब 1 फीसदी की उछाल के साथ कारोबार बंद हुआ है.
सेक्टोरियल इंडेक्स आईटी, मेटल, पीएसयू बैंक और ऑटो शेयरों में जोरदार खरीदारी के बल पर शेयर बाजार में जोरदार उछाल कायम रहा. मेटल शेयरों में 1.84 फीसदी, आईटी में 1.33 फीसदी, पीएसयू बैंक में 1.05 फीसदी, इंफ्रा शेयरों में 1 फीसदी की बढ़त देखी गई. ऑटो सेक्टर में 0.91 फीसदी की उछाल के साथ कारोबार बंद हुआ.
निफ्टी के 50 शेयरों का हाल आज के कारोबार के दौरान निफ्टी के 50 शेयरों में से 22 शेयरों में गिरावट के साथ और 28 शेयरों में तेजी के साथ कारोबार बंद हुआ है. निफ्टी के चढ़ने वाले शेयरों को देखें तो टाटा मोटर्स 7.5 फीसदी की जोरदार उछाल पर बंद हुआ. हिंडाल्को 5.28 फीसदी, भारती एयरटेल करीब 3 फीसदी ऊपर रहे. विप्रो में 2.69 फीसदी और मारुति सुजुकी में 2.51 फीसदी की तेजी रही.
निफ्टी के गिरने वाले शेयर गिरने वाले शेयरों में जी का शेयर 3.28 फीसदी, यूपीएल का शेयर 2.80 फीसदी नीचे बंद हुए. इसके अलावा आयशर मोटर्स 2.6 फीसदी, आईओसी 2.55 फीसदी और इंडसइंड बैंक 2.23 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए हैं.
शेयर मार्केट: नए वित्त वर्ष में सेंसेक्स की नई ऊंचाई, पहली बार 39 हजार के पार
नए वित्तीय साल की शुरुआत: आज से बदल जाएगा बहुत कुछ, यहां जानें अहम बदलाव
