नई दिल्लीः शेयर बाजार में आज शानदार तेजी देखने को मिली है. आज के कारोबार में स्टॉक मार्केट में सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए सेंसेक्स 35000 के पार चला गया था और निफ्टी में भी जोरदार उछाल देखने को मिला था. हालांकि कारोबार के खत्म होते होते सेंसेक्स 35,000 के नीचे चला गया और निफ्टी 10,700 के पास बंद हुआ.

जैसे ही सुबह बाजार खुला शेयर बाज़ार में भारी उछाल देखा गया. दोपहर 1.30 बजे 301 अंकों की उछाल के साथ सेंस्टिव इंडेक्स सेंसेक्स ने नया इतिहास रच दिया और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक 35,014.82 पर चल रहा था. निफ्टी में 84 अंकों का उछाल रहा और ये 10,702.35 अंक पर पहुंच गया.

कैसी रही बाजार की चाल आज के कारोबार के दौरान बीएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 256.10 अंक यानी 0.74 फीसदी की उछाल के साथ 34,969.70 पर जाकर बंद हुआ और एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 74.50 अंक यानी 0.70 फीसदी की तेजी के साथ 10,692 पर बंद हुआ है.

क्यों आई आज बाजार में चाल कल एक्सिस बैंक के नतीजों के बाद आज एक्सिस बैंक के शेयरों में अच्छी तेजी देखी गई और आज रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी जोरदार बढ़त रही. आरआईएल के नतीजे आने वाले हैं और बाजार को इसके अच्छे नतीजों की उम्मीद है. आज मई सीरीज की शुरुआत होने का भी बाजार को अच्छा फायदा मिला और शेयर बाजार इसके सपोर्ट से ऊपरी स्तरों पर गया.

सेक्टोरियल इंडेक्स आज आईटी शेयरों की गिरावट को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरियल इंडेक्स बढ़त के हरे निशान के साथ बंद हुए हैं और सबसे ज्यादा 3 फीसदी से अधिक की तेजी पीएसयू बैंकों में देखी गई है. निजी बैंक भी 1.65 फीसदी की उछाल के साथ बंद हुए हैं. बैंक निफ्टी 1.53 फीसदी की उछाल के साथ बंद होने पर कामयाब रहे हैं और मीडिया शेयरों में 1 फीसदी की उछाल दर्ज की गई है.

निफ्टी के शेयरों का हाल निफ्टी के 50 में से 12 शेयरों में ही सिर्फ गिरावट रही जबकि 38 शेयरों में तेजी के हरे निशान के साथ बंद मिला है. आज के कारोबार के दौरान सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में एक्सिस बैंक 9.37 फीसदी की शानदार उछाल पर बंद हुआ है. एसबीआई 4.29 फीसदी ऊपर बंद हुआ और आईसीआईसीआई बैंक 3.21 फीसदी की उछाल पर बंद हुआ. एचपीसीएल 3.16 फीसदी और सन फार्मा 2.42 फीसदी की बढ़त पर बंद होने में कामयाब रहा है.