नई दिल्लीः विदेशी बाजार से आए सुस्त संकेतों के चलते आज भारतीय बाजार में भी गिरावट का रुख बना रहा. घरेलू शेयर बाजार में 200 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार बंद हुआ है. आज बाजार की शुरुआत फिर सुस्ती के साथ हुई और दिन चढ़ते-चढ़ते बाजार में कमजोरी गहरा गई. बैंक शेयरों की कमजोरी ने आज बाजार को नीचे खींचने का काम किया है और पीएसयू बैंकों की बड़ी गिरावट ने बाजार को लाल निशान में धकेला.

कैसी रही बाजार की चाल आज के कारोबार के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेंक्स 216.24 अंक यानी 0.61 फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ 34,949 पर जाकर बंद हुआ है और एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 55.35 अंक यानी 0.52 फीसदी की गिरावट के साथ 10,633 पर जाकर बंद हो पाया है.

सेक्टोरियल इंडेक्स आज के सेक्टोरियल इंडेक्स को देखें तो ऑटो, आईटी, मेटल, एनर्जी और इंफ्रा में तेजी के साथ कारोबार बंद हुआ है और बाकी सेक्टोरियल इंडेक्स में गिरावट के लाल निशान के साथ कारोबार बंद हुआ है. ऑटो में 0.40 फीसदी और आईटी में 0.47 फीसदी की हल्की तेजी के साथ कारोबार बंद हुआ है और एनर्जी शेयर सपाट कारोबार पर बंद हुए हैं. गिरने वाले सेक्टर्स में बैंक सेक्टर सबसे ज्यादा टूटा है और पीएसयू बैंकों में करीब 3 फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ कारोबार बंद हुआ है. इसके अलावा निजी सेक्टर के बैंक भी 1.35 फीसदी की कमजोरी के साथ बंद हुए हैं. मीडिया शेयरों में 1.73 फीसदी और फार्मा में 1 फीसदी से ज्यादा की कमजोरी दर्ज की गई है.

निफ्टी के शेयरों का हाल आज के कारोबार के दौरान निफ्टी के 50 में से सिर्फ 16 शेयरों में तेजी के साथ कारोबार बंद हुआ और बाकी 34 शेयरों में गिरावट के लाल निशान में बंद दिखा. आज चढ़ने वाले शेयरों में एमएंडएम 3 फीसदी, गेल 2.14 फीसदी, एचसीएल टेक 1.62 फीसदी और भारती एयरटेल 1.6 फीसदी ऊपर बंद हुआ है. इसके अलावा गिरने वाले शेयरों में आज आईसीआईसीआई बैंक 3.11 फीसदी, एसबीआई 3.09 फीसदी, बजाज फिनसर्व 2.35 फीसदी, जी लिमिटेड 2.29 फीसदी और यस बैंक करीब 2 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए हैं.