नई दिल्लीः देश की दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी हंयूदै ने एक्सेंट को पूरी तरह से नए शक्ल के साथ बाजार में उतारा है. नए स्वरूप में पेट्रोल मॉडल की दिल्ली में एक्स शोरुम कीमत 5.38 लाख रुपये से शुरु होगी जबकि डीजल मॉडल की कीमत 6.28 लाख रुपये से शुरु होगी.
नए एक्सेंट का फोकस कार बाजार के ‘मिड लो’ सेग्मेंट पर है. इस सेग्मेंट में मारुति की डिजायर का दबदबा है जबकि फोर्ड एस्पायर और टाटा जेस्ट भी कड़ा मुकाबला देगी. कार बाजार के मिड सेंग्मेंट (जहां कीमत 5 लाख रुपये के करीब से शुरु होती है) और उसमें भी ‘मिड लो’ पर कंपनियों की नजर है. इस तरह की हर महीने औसतन 35 हजार गाड़ियां बिकती है और ये मिड सेग्मेंट में करीब 71 फीसदी बाजार हिस्सेदारी रखती है. हंयूदै भारतीय बाजार में 2014 में एक्सेंट लेकर आयी थ. तब से लेकर अब तक ऐसी 2.5 लाख गाड़ियां बिक चुकी है. कंपनी को उम्मीद है कि नए स्वरुप में एक्सेंट बाजार में अपनी अलग पहचान बनाएगी. कंपनी ने ये भी साफ कर दिया कि नए स्वरूप के साथ-साथ बाजार में पुरानी एक्सेंट भी मौजूद रहेगा. हालांकि पुराने एक्सेंट को टूरिस्ट कैब के तौर पर बेचा जाएगा, जबकि नए एक्सेंट का फोकस 30 से 40 वर्ष के महत्वाकांक्षी युवाओं पर रहेगा. नए एक्सेंट में कुछ नई खासियतें जोड़ी गयी है. जैसे इसका इंजन 1.2 लीटर का है. साथ ही ड्राइवर और आगे की सीट पर बैठने वाले, यानी दोनों के लिए एयर बैग की सुविधा दी गयी है. डिक्की में खासी जगह है जिससे सप्ताहांत पर आस-पास घूमने जाने वाले परिवार के लिए सामान आसानी से समा सकेगा. मनोरंजन के लिए 6 इंच की स्क्रीन के साथ बेहतर साजो-समान लगाए गए हैं और इसका कंट्रोल स्टीयरिंग व्हील पर भी रहेगा. रियर कैमरा व्यू का इंतजाम है जिससे बैक करने और पार्किंग करने में सहूलियत हो सके. पेट्रोल और डीजल मॉडल, दोनों ही 5 रंग में उपलब्ध है. पेट्रोल मॉडल में 6 वैरिएंट होंगे जिनकी एक्स शोरुम कीमत 5.38 लाख रुपये से शुरु होकर 7.09 लाख रुपये तक जाएगी. डीजल इंजन के साथ 5 वैरिएंट है जिनकी एक्स शो रुम कीमत 6.28 लाख रुपये से शुरु होकर 8.41 लाख रुपये तक जाएगी.