नई दिल्ली: आज से देश में पितृ पक्ष शुरू हो गया है और इसके असर से घरेलू सर्राफा बाजार में मांग घटने से सुस्ती आ गई है. आज के कारोबार के दौरान सोने और चांदी दोनों के दामों में गिरावट देखी जा रही है. कारोबारियों ने कहा कि विदेशी बाजारों के कमजोर रुख, लोकल ज्वैलर्स की मांग घटने, ‘श्राद्ध’ पक्ष शुरू होने से सोने की मांग कमजोर पड़ी है.
सोने के दाम दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 190 रुपये और टूटकर 30,360 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया है. कमजोर वैश्विक रुख और स्थानीय सर्राफा कारोबारियों की मांग घटने से सोने में गिरावट आई. वैश्विक स्तर पर न्यूयार्क में कल सोना 0.44 फीसदी टूटकर 1333.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता प्रत्येक का भाव 190-190 रुपये टूटकर क्रमश: 30,360 और 30,210 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया. कल के कारोबार में सोना 50 रुपये टूटा था. गिन्नी का भाव हालांकि 24,600 रुपये प्रति आठ ग्राम पर बिना किसी बदलाव के स्थिर रहा है. चांदी औद्योगिक इकाइयों और सिक्का विनिर्माताओं की मांग घटने से चांदी भी 100 रुपये टूटकर 42,000 रुपये से नीचे 41,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. चांदी हाजिर भी 100 रुपये टूटकर 41,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 310 रुपये टूटकर 41,190 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए. वहीं दूसरी ओर चांदी सिक्का लिवाल 74,000 और चांदी सिक्का बिकवाल 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर कायम रहा.