नई दिल्ली: देश के सर्राफा बाजार में लगातार सोने के दाम में गिरावट आ रही है जिससे गोल्ड खरीदारी के अच्छे मौके बन रहे हैं. पिछले कई दिनों से जारी सोने की गिरावट आज भी बरकरार रही और इसके साथ आज तो चांदी में भी बड़ी गिरावट देखी गई.
विदेशों में कमजोरी के रुख और लोकल ज्वैलर्स की कमजोर मांग के कारण सोने में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट आई है. दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने का भाव 200 रुपये की गिरावट के साथ 29,150 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. बाजार सूत्रों ने कहा कि वैश्विक रुख कमजोर है जिसकी मुख्य वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक के आज आने वाले नतीजे का इंतजार है. इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय ज्वैलर्स और रिटेल कारोबारियों की मांग में गिरावट की वजह से भी मुख्य तौर पर सोने की कीमतों पर दबाव आ रहा है.
राष्ट्रीय राजधानी, दिल्ली में सोना 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता की कीमत 200-200 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 29,150 रुपये और 29,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई है. पिछले 2 कारोबारी सत्रों में सोने में 200 रुपये की गिरावट आई थी. हालांकि गिन्नी की कीमत 24,400 रुपये प्रति 8 ग्राम पर बिना किसी बदलाव के बंद हुई है.
ग्लोबल बाजारों में सोने के भाव सिंगापुर में सोना 0.26 फीसदी की गिरावट के साथ 1253.60 डॉलर प्रति औंस रह गया है जबकि चांदी 0.36 फीसदी की गिरावट के साथ 16.75 डॉलर प्रति औंस के भाव पर
जानें चांदी में कितनी आई है गिरावट? इंडस्ट्रियल यूनिट्स (औद्योगिक इकाइयों) और सिक्का निर्माताओं की कमजोर उठान की वजह से चांदी भी 500 रुपये की गिरावट के साथ 40,000 रुपये के स्तर से नीचे 39,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई है. चांदी तैयार 500 रुपये की गिरावट के साथ 39,500 रुपये प्रति किलो और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 135 रुपये की गिरावट के साथ 38,750 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई. वहीं चांदी सिक्का भी 1,000 रुपये की गिरावट के साथ (लिवाल) 70,000 रुपये और (बिकवाल) 71,000 रुपये प्रति सैंकड़ा पर बंद हुआ.