नई दिल्ली: ज्वैलर्स की कमजोर मांग और वायदा कारोबार में कमजोरी के संकेतों के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 250 रुपये गिरकर 11 माह के निम्न स्तर 27,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. इंडस्ट्रियल यूनिट्स और सिक्का मैन्यूफैकचर्रस की ओर से कमजोर उठान के कारण चांदी भी 210 रुपये कमजोर हो 38,600 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई. बाजार सूत्रों ने कहा कि बाजार में मौजूदा नकदी की दिक्कतों के मद्देनजर गहने और रिटेल कारोबारियों की मांग में लगातार गिरावट से सोना दबाव में है.
सरकार ने 8 नवंबर को कालेधन पर लगाम लगाने के लिए 500 रुपये और 1000 रुपये के पुरानी सीरीज के नोटों का चलन रोक दिया था जिसके कारण बाजार में कैश की समस्या चल रही है. वहीं स्थानीय बाजार आज दिशाहीन था क्योंकि सिंगापुर जैसे प्रमुख इंटरनेशनल कमर्शियल सेंटर बंद थे. स्थानीय बाजार सिंगापुर के कारोबार के संकेत देखता है और उसी के आधार पर सर्राफा बाजार की चाल पर भी असर देखा जाता है.
दिल्ली में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना आज 250 रुपये की गिरावट के साथ 27,550 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. ये स्तर 4 फरवरी के बाद देखने को नहीं मिला था यानी सोना आज 11 महीने के निचले स्तर पर चला गया है. सोना 99.5 फीसदी शुद्धता की कीमत भी 250 रुपये की गिरावट के साथ 27,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई है. पिछले 3 कारोबारी सत्र में सोने में 150 रुपये की गिरावट आई थी. वहीं सोने की गिन्नी की कीमत 100 रुपये की गिरावट के साथ 23,900 रुपये प्रति 8 ग्राम पर बंद हुई है.
सोने की ही तरह चांदी तैयार की कीमत 210 रुपये की गिरावट के साथ 38,600 रुपये प्रति किलो रह गई जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 460 रुपये की गिरावट के साथ 38,465 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई. दूसरी ओर छिटपुट सौदों के बीच चांदी सिक्का लिवाल 70,000 रुपये और बिकवाल 71,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित बने रहे.