नई दिल्ली: शादी विवाह का सीजन खत्म होने को है और इसी के साथ सोने के दाम में भी गिरावट धीरे धीरे बढ़ रही है. लगातार 2 दिनों से सोने के दामों में कमजोरी देखी जा रही है और इसके चलते लोगों के पास सोने की खरीदारी के मौके बन रहे हैं. आज सोने में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही. विदेशों में कमजोरी के रुख के बीच ज्वैलर्स की कमजोर मांग से राष्ट्रीय राजधानी सर्राफा बाजार में आज सोना 200 रुपये की गिरावट के साथ 29,550 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया.
निवेशकों का अनुमान है कि अमेरिका में अगले सप्ताह ब्याज दरें महंगी हो सकती हैं जिसके कारण डॉलर मजबूत होगा और कीमती मेटल्स की मांग कमजोर पड़ेगी. इसी संकेत के चलते विदेशी बाजारों में कमजोरी का रुख देखा गया जिससे देश में भी कारोबारी सेंटीमेंट पर असर पड़ा. उन्होंने कहा कि इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में गहनों और रिटेल कारोबारियों की कमजोर मांग से भी कीमतों पर असर देखा गया है.
राष्ट्रीय राजधानी, दिल्ली में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 200-200 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 29,550 और 29,400 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. कल के कारोबार में सोने में 350 रुपये की गिरावट आई थी. हालांकि, गिन्नी का भाव 24,500 रुपये प्रति 8 ग्राम पर स्थिर रहा. वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.03 फीसदी की गिरावट के साथ 1,224.70 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ है.
चांदी की चाल पर भी दिखा असर
इंडस्ट्रियल यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की कमजोर उठान से चांदी की कीमत भी 300 रुपये की गिरावट के साथ 42,500 रुपये प्रति किलो रह गई. चांदी 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 17.70 डालर प्रति औंस पर बंद हुई.
सोने की ही तरह चांदी तैयार के भाव 300 रुपये की गिरावट के साथ 42,500 रुपये प्रति किलो जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी का भाव 310 रुपये की गिरावट के साथ 42,390 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ. हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल 73,000 रुपये और बिकवाल 74,000 रुपये प्रति सैकड़ा के पहले वाले पर ही बंद हुआ.