नई दिल्लीः आज सोने के दाम में मामूली गिरावट देखी गई है और ये 32500 के नीचे के स्तर पर बना हुआ है. कमजोर ग्लोबल रुख और घरेलू ज्वैलर्स की नरम मांग से दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज सोने का भाव 50 रुपये गिरकर 32,400 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया है.
क्यों आई सोने में गिरावट कारोबारियों ने कहा कि डॉलर में मजबूती से सुनहरी मेटल की कीमतों पर दबाव रहा और यह पांच हफ्ते के निम्न स्तर के करीब आ गई हैं. इसके अलावा घरेलू ज्वैलर्स और रिटेल कारोबारियों की कमजोर मांग ने भी कीमतों पर दबाव डाला.
ग्लोबल और देसी बाजार में सोने के दाम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 50-50 रुपये गिरकर क्रमश: 32,400 रुपये और 32,250 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा. हालांकि , आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपये प्रति इकाई पर टिकी रही. कल के कारोबार में सोना 225 रुपये चढ़ा था. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में कल सोना 0.54 फीसदी गिरकर 1,322.60 डॉलर प्रति औंस पर रहा.
चांदी में भी दिखी कमजोरी सिक्का मैन्यूफैक्चर्रस और इंडस्ट्रियल यूनिट्स के कम उठाव से चांदी भी 150 रुपये गिरकर 40,550 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. वैश्विक बाजार में देखें तो सिंगापुर में चांदी 0.96 फीसदी टूटकर 16.51 डॉलर प्रति औंस पर रही है. चांदी हाजिर 150 रुपये गिरकर 40,550 रुपये प्रति किलोग्राम जबकि साप्ताहिक डिलीवरी भी 150 रुपये टूटकर 39,425 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही.
हालांकि चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 75,000 रुपये और 76,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे.