नई दिल्ली: स्थानीय जौहरियों की कमजोर मांग के चलते सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने का भाव 140 रुपये टूटकर 35,730 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा. दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 140-140 रुपये बढ़कर क्रमश: 35,730 रुपये और 35,560 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा.

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक स्थानीय जौहरियों की कमजोर मांग से सोना भाव गिरा है, हालांकि वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के चलते यह गिरावट थम गयी. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना भाव मामूली तौर पर बढ़कर 1,418.80 डॉलर प्रति औंस और चांदी भाव 16.51 डॉलर प्रति औंस रहा. अमेरिका के संघीय मुक्त बाजार समिति की 31 जुलाई को होने वाली बैठक को लेकर निवेशक सावधानी भरा रुख अपना रहे हैं।

एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, "सोने की कीमतें मौजूदा समय में डॉलर के मजबूत होने और अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता को लेकर बाजार के आशावान बने रहने से प्रभावित हो रही हैं." सोने की आठ ग्राम वजनी गिन्नी का भाव 27,500 रुपये प्रति इकाई पर बना हुआ है.

चांदी की कीमतों में भी 150 रुपये की गिरावट

हाजिर बाजार में चांदी का भाव भी 150 रुपये गिरकर 42,150 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया. इसका मुख्य कारण औद्योगिक इकाइयों और सिक्का ढलावों का उठाव कम होना है. साप्ताहिक डिलीवरी चांदी की कीमत 41,271 रुपये प्रति किलोग्राम रही. चांदी सिक्कों का प्रति सैकड़ा लिवाली भाव 85,000 रुपये और बिकवाली भाव 86,000 रुपये पर स्थिर रहा.

क्या सड़क पर भक्ति दिखाना अनाधृकित कब्जा करने का षडयंत्र है? देखिए ये बहस