त्योहारी सीजन में खरीदारी और खर्च को लेकर इस बार एक अलग तस्वीर सामने आई है. आमतौर पर त्योहारों के आसपास लोग क्रेडिट कार्ड से ज्यादा भुगतान करते हैं, लेकिन सितंबर के आंकड़े कुछ और ही कहानी बता रहे हैं.
देश में क्रेडिट कार्ड के जरिए होने वाले कुल खर्च में गिरावट दर्ज की गई है. खास बात यह है कि करीब पांच साल बाद पहली बार सितंबर में सालाना आधार पर क्रेडिट कार्ड खर्च कम हुआ है.
ऑनलाइन शॉपिंग में सबसे ज्यादा कमी
सितंबर में ऑनलाइन भुगतान के जरिए क्रेडिट कार्ड खर्च में 12.5 प्रतिशत की गिरावट आई. यह घटकर 1.26 लाख करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 1.44 लाख करोड़ रुपये था. वहीं, दुकानों और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्ड स्वाइप या मशीन के जरिए किए जाने वाले भुगतान में बढ़ोतरी है. इस माध्यम से खर्च 7.18 प्रतिशत बढ़कर 77,751.47 करोड़ रुपये पहुंच गया.
सितंबर में 2.04 लाख करोड़ रुपये रहा क्रेडिट कार्ड खर्च
रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 में क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल 2.04 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए. यह सितंबर 2025 की तुलना में 5.9 प्रतिशत कम है. इससे पहले फरवरी 2021 में क्रेडिट कार्ड खर्च में सालाना गिरावट देखने को मिली थी.
इस गिरावट के पीछे पिछले साल का मजबूत आधार एक बड़ी वजह माना जा रहा है. सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में बदलाव और त्योहारी खरीदारी जल्दी शुरू होने के कारण क्रेडिट कार्ड से खर्च में तेजी आई थी. उस दौरान अगस्त 2025 के मुकाबले खर्च 13.3 प्रतिशत बढ़कर 2.17 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया था. इस साल त्योहारी खरीदारी अक्टूबर में शुरू होने के कारण सितंबर के आंकड़ों पर असर पड़ा है.
अक्टूबर और नवंबर में बढ़ सकता है खर्च
गिरावट के बावजूद देश में क्रेडिट कार्ड की संख्या बढ़ रही है. सितंबर में कुल क्रेडिट कार्ड की संख्या 12.53 करोड़ तक पहुंच गई. सालाना आधार पर इसमें 10.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई.
विशेषज्ञों का अनुमान है कि अक्टूबर और नवंबर में दीवाली समेत त्योहारों की खरीदारी बढ़ने से क्रेडिट कार्ड खर्च में दोबारा तेजी आ सकती है. अक्टूबर में यह आंकड़ा 2.28 से 2.38 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. हालांकि, महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी का असर लोगों की खरीदारी पर पड़ सकता है.
अलग-अलग बैंकों के आंकड़ों में दिखा अंतर
बैंकों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड खर्च में सालाना 7.52 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 65,139.72 करोड़ रुपये रहा. दूसरी ओर SBI कार्ड का खर्च 14.09 प्रतिशत घटकर 34,895 करोड़ रुपये पर आ गया. ICICI बैंक में 26.26 प्रतिशत और Axis बैंक में 11 प्रतिशत की सालाना गिरावट दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें- घरेलू या कमर्शियल किसका आज बढ़ा रेट? चेक करें LPG की ताजा कीमत
यह भी देखें-
