नई दिल्लीः सीबीआई ने अरबों रुपये के पीएनबी घोटाले के मामले में आज गीतांजलि समूह के उपाध्यक्ष विपुल चितालिया को गिरफ्तार कर लिया. विपुल चितालिया जनवरी के पहले सप्ताह में दुबई चला गया था और उसके बाद ही धोखाधड़ी का मामला सामने आया. एजेंसी ने भारत लौटे चितालिया को मुंबई हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया. यहां सीबीआई दफ्तर में उससे पूछताछ की गयी और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.
चितालिया को आज दोपहर बाद यहां एक विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया. न्यायाधीश एस आर तांबोली ने चितालिया को 17 मार्च तक की सीबीआई की हिरासत में भेज दिया था.
सीबीआई ने मेहुल चोकसी और गीताजंलि समूह से जुड़ी प्राथमिकी के मामले में पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त उप प्रबंधक गोकुलनाथ शेट्टी को भी हिरासत में लिया. पहले शेट्टी को नीरव मोदी से जुड़ी प्राथमिकी के मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. सीबीआई ने कहा कि चितालिया जनवरी के पहले सप्ताह में दुबई चला गया था जैसा कि प्रमुख आरोपियों मेहुल चोकसी और नीरव मोदी ने किया.
एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ उसके खिलाफ लुक-आउट नोटिस था, इसलिए आव्रजन अधिकारियों ने बैंकॉक से उसके यहां पहुंचते ही हवाईअड्डे पर हिरासत में ले लिया.’’ विशेष अभियोजक ए लिमोसिन ने अदालत को बताया कि चितालिया सीधे चोकसी को रिपोर्ट करता है.