नई दिल्ली: एयरटेल ने इंटरनेट आधारित डीटीएच सेवा शुरु करने का ऐलान किया है. नए सेट टॉप बॉक्स में जहां 500 से भी ज्यादा सेटेलाइट चैनल्स तो उपलब्ध होंगे ही, वहीं इंटरनेट के सहारे नेटफ्लिक्स, यू ट्यूब, गूगल प्ले गेम्स का टीवी पर लुत्फ लिया जा सकेगा और इन सब के लिए अपना टीवी बदलने की जरुरत नहीं है.
भारती एय़रटेल के सीईओ और डायरेक्टर (डीटीएच) सुनील तालदार का कहना है कि देश में इस समय 32 इंच या उससे ज्यादा बड़ी स्क्रीन वाले करीब 3 करोड़ टेलीविजन सेट हैं, जिनमें इनमें से एक करोड़ स्मार्ट टीवी हैं. तालदार का कहना है कि नए सेट टॉप बॉक्स के जरिए कोई भी टीवी स्मार्ट टीवी बन सकता है.
नया बॉक्स एक साल के सब्सक्रिप्शन के साथ 7,999 रुपये में उपलब्ध है. एक महीने का सब्सक्रिब्शन फीस करीब 700 रुपये आएगा. एय़रटेल डीटीएच के सवा सौ करोड़ से भी ज्यादा ग्राहक 3,999 रुपये देकर नया बॉक्स ले सकते हैं जिसमें एक महीने का सब्सक्रिप्शन भी शामिल है.
नए बॉक्स पर इंटरनेट की सुविधा वाई-फाई के जरिए उपलब्ध होगी. इस वाई-फाई के लिए एय़रटेल का इंटरनेट कनेक्शन होना जरुरी नहीं है, फिर भी यदि आपके पास कनेक्शन है और 999 रुपये से ज्यादा वाला पैकेज है तो आपको 25 जीबी का अतिरिक्त डाटा मुफ्त मिलेगा जिसका इस्तेमाल नए सेट टॉप बॉक्स में किया जा सकता है.
अगर आपके पास एयरटेल का कनेक्शन नहीं है तो किसी भी दूसरी कंपनी की इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल किया जा सकता है, बस शर्त इतनी है कि इंटरनेट की स्पीड 4 एमबीपीएस पर सैकेंड की होनी चाहिए. अगर आप नए बॉक्स के लिए एयरटेल का इंटरनेट कनेक्शन लेना चाहें तो उसके लिए अलग से पैसा चुकाना होगा.
नए सेट टॉप बॉक्स के जरिए लाइव टीवी एक नए अंदाज में होगा. आप चाहें तो लाइव टीवी शो को कुछ समय के लिए रोक सकते हैं, रिवाइंड कर सकते हैं और रिकॉर्ड कर सकते हैं. मोबाइल, टैबलेट या लैपटॉप के जरिए भी किसी भी कंटेट को टीवी पर देखा जा सकता है. यह बॉक्स में लगे ब्लू टुथ के जरिए मुमकिन हो सकेगा.
इसके साथ ही गेम डाउनलोड कर कंसोल के जरिए आप इसका लुत्फ उठा सकते हैं. नए सेट टॉप बॉक्स के रिमोट कंट्रोल में आप बोलकर भी कमांड दे सकते हैं और चैनल शुरु हो जाएगा. एक बात और नेटफ्लिक्स वैसे तो सेट टॉप बॉक्स में प्री लोडेड है, लेकिन उसके लिए अलग से सब्सक्रिप्शन फीस देना होगा. अगर आपने पहले ही नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन ले रखा है तो उसका इस्तेमाल सेट टॉप बॉक्स के जरिए हो सकेगा.
ध्यान रहे कि अगर इंटरनेट की सुविधा नहीं है तो ये सेट टॉप बॉक्स दूसरे डीटीएच की तरह सिर्फ सैटेलाइट चैनल्स दिखाएगा और घर के बाहर या छत पर नई व्यवस्था के लिए छतरी यानी डिश लगवानी होगी.
एयरटेल की ये नई सुविधा डीटीएच बाजार में नए घमासान की शुरुआत है. रिलायंस जियो भी इंटरनेट टीवी की तैयारी में लगा है और बाजार सूत्रों की मानें तो जियो कुछ नई सहूलियतों के साथ इंटरनेट टीवी बाजार में लाएगा. उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में वो अपनी नयी सुविधाएं शुरु कर देगी. जियो के आने के बाद इंटरनेट टीवी के मासिक पैकेज की कीमतों में कमी के आसार हैं.
