Adani Share Price: अडानी समूह के शेयरों (Adani Group Stocks) में लगातार गिरावट के बाद एक दिन पहले लौटी तेजी का ट्रेंड आज भी बरकरार है. सप्ताह के अंतिम दिन समूह के लगभग सभी शेयरों में बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की है. आज के कारोबार में फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज पर खास फोकस रहने वाला है.

इन शेयरों में अच्छी तेजी

शुरुआती कारोबार में अडानी समूह के 10 में से 6 शेयरों के भाव चढ़े हुए थे. 3 शेयरों में गिरावट देखी जा रही थी, जबकि 1 के भाव पुराने स्तर पर टिके हुए थे. आज समूह की रिकवरी की अगुवाई अडानी पावर (Adani Power) और अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) के शेयर कर रहे हैं. शुरुआती कारोबार में दोनों के भाव में 1-1 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई थी.

अडानी एंटरप्राइजेज से उम्मीद

फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) आज भी मजबूती दिखा रहा है. शेयर बाजारों ने अडानी के इस फ्लैगशिप शेयर को एएसएम निगरानी के दायरे से आज से बाहर करने का फैसला लिया है. पिछले सप्ताह महज 3 दिनों में 45 फीसदी से ज्यादा की छलांग लगाने के बाद इसे निगरानी में रखा गया था. इस कारण उम्मीद की जा रही है कि आज के कारोबार में यह फिर से शानदार प्रदर्शन दोहरा सकता है.

बाकी शेयरों का ऐसा रहा हाल

इनके अलावा शुरुआती कारोबार में अडानी पोर्ट्स (Adani Ports), एसीसी सीमेंट (ACC Cement) और एनडीटीवी (NDTV) के शेयर भी बढ़त में हैं. दूसरी ओर अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) और अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) के भाव गिरे हुए हैं. अडानी ट्रांसमिशन और अडानी टोटल गैस दोनों ने कल अपर सर्किट लगाया था. अडानी विल्मर (Adani Wilmar) का भाव लगभग स्थिर है.

सुबह 09:30 बजे का हाल:

कंपनी/शेयरशुरुआती कारोबार में भाव (रुपये में)/बदलाव
अडानी एंटरप्राइजेज2515.40 (0.93%)
अडानी ग्रीन983.50 (-1.00%)
अडानी पोर्ट्स737.35 (0.74%)
अडानी पावर257.35 (1.26%)
अडानी ट्रांसमिशन809.30 (-0.87%)
अडानी विल्मर442.00 (0.00%)
अडानी टोटल गैस684.75 (-1.32%)
एसीसी1810.60 (0.60%)
अंबुजा सीमेंट434.35 (1.20%)
एनडीटीवी243.20 (0.89%)

अब तक ऐसा रहा है सप्ताह

अडानी समूह के शेयरों के लिए इस सप्ताह की शुरुआत ठीक नहीं रही. दरअसल अडानी के शेयर पिछले सप्ताह से ही दबाव में कारोबार कर रहे थे. लगातार पांच दिन तक नुकसान उठाने के बाद गुरुवार को अडानी समूह के शेयरों में तेजी देखने को मिली. आज के शुरुआती कारोबार में ये अच्छे संकेत दिखा रहे हैं.

घरेलू बाजार की शुरुआत

घरेलू बाजार ने भी आज अच्छी शुरुआत की है. सप्ताह के अंतिम दिन घरेलू बाजार को वैश्विक बाजारों से भी मदद मिल रही है. इसके चलते दोनों प्रमुख घरेलू शेयर सूचकांकों बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी ने बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की है. सेंसेक्स खुलते ही 200 अंक से ज्यादा की मजबूती में था, जबकि निफ्टी 70 अंक के फायदे के साथ कारोबार कर रहा था.

ये भी पढ़ें: अमेरिका-यूरोप से चीन तक बेहाल, नहीं थमेगी लेकिन भारत की चाल!