Adani Share Price: पिछले सप्ताह से ही लगातार दबाव का सामना कर रहे अडानी समूह के शेयरों (Adani Group Stocks) को एक दिन की मिली राहत आज शुक्रवार को फिर गायब हो गई. सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई से पहले कारोबार की शुरुआत में अडानी समूह के लगभग सारे शेयर गिरे हुए हैं.

इन 2 शेयरों पर लोअर सर्किट

शुरुआती कारोबार में अडानी समूह के 10 में से 9 शेयर नुकसान में कारोबार कर रहे हैं. अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) और अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) पर खुलते ही लोअर सर्किट लग गया है. वहीं कारोबार शुरू होते ही फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) का शेयर 1 फीसदी के नुकसान में है.

इन शेयरों में भी गिरावट

अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) और अडानी पावर (Adani Power) के शेयरों में 1-1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट है. अडानी विल्मर (Adani Wilmar) और अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) के शेयर भी नुकसान में कारोबार कर रहे हैं. एनडीटीवी (NDTV) के भाव भी गिरे हुए हैं. सिर्फ एसीसी सीमेंट (ACC Cement) ही 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी में है.

सुबह 09:40 बजे का हाल:

कंपनी/शेयरशुरुआती कारोबार में भाव (रुपये में)/बदलाव
अडानी एंटरप्राइजेज1966.50 (-0.91%)
अडानी ग्रीन898.65 (-1.65%)
अडानी पोर्ट्स700.50 (-1.17%)
अडानी पावर239.95 (-1.11%)
अडानी ट्रांसमिशन875.00 (-4.58%)
अडानी विल्मर392.50 (-0.67%)
अडानी टोटल गैस812.60 (-5.00%)
एसीसी1805.00 (1.04%)
अंबुजा सीमेंट410.25 (-0.45%)
एनडीटीवी182.45 (-0.22%)

नुकसान में घरेलू बाजार

घरेलू बाजार को देखें तो आज के कारोबार में खराब शुरुआत दिख रही है. वैश्विक बाजारों से मिल रहे मिश्रित संकेतों के बीच सेंसेक्स ने करीब 250 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की है. आज आईटी और बैंकिंग शेयरों पर दबाव दिख रहा है. वहीं अडानी के शेयरों की बात करें तो इनमें पिछले सप्ताह से ही गिरावट आ रही थी. गुरुवार को सभी 10 शेयरों में अच्छी तेजी आई थी, लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले दबाव दिख रहा है.

ये भी पढ़ें: आईटी और बैंकिंग शेयरों में गिरावट जारी, खुलते ही 250 अंक लुढ़का सेंसेक्स