Adani Share Price: अडानी समूह के शेयरों (Adani Group Stocks) के लिए लगातार छठे सप्ताह के दौरान भी राहत के संकेत नहीं मिल रहे हैं. जून से शुरू हुआ गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. जुलाई महीने के दूसरे सप्ताह के पहले दिन आज सोमवार को भी अडानी समूह के सभी 10 शेयरों ने नुकसान के साथ कारोबार की शुरुआत की.

सभी शेयर रेड जोन में

सप्ताह के पहले दिन के शुरुआती कारोबार में अडानी समूह के सभी 10 शेयरों में गिरावट देखी जा रही है. इससे पहले शुक्रवार को भी समूह के सभी 10 शेयर घाटे में बंद हुए थे. शुक्रवार को अडानी समूह के तीन शेयर एक्स-डिविडेंड हुए थे, उसके बाद भी समूह के शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा था. वहीं रविवार की देर शाम अडानी समूह के प्रवर्तकों के द्वारा नया फंड जुटाने की खबर आने से भी आज सपोर्ट मिलता नहीं दिख रहा है.

इन्हें ज्यादा नुकसान

शुरुआती कारोबार में अडानी पावर (Adani Power) और अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में हैं. इन दोनों के भाव में 1-1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखी जा रही थी. अडानी पोर्ट्स (Adani Ports), अडानी विल्मर (Adani Wilmar) और अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) के शेयर भी करीब 1-1 फीसदी के नुकसान में थे.

इनके भी भाव गिरे

शुरुआती कारोबार में बाकी शेयरों का हाल भी ठीक नहीं था. अडानी समूह के फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) में करीब 70 फीसदी की गिरावट देखी जा रही थी. वहीं अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission), एसीसी सीमेंट (ACC Cement) और एनडीटीवी (NDTV) के भाव में 0.80 फीसदी तक की गिरावट थी.

सुबह 09:30 बजे का हाल:

कंपनी/शेयरशुरुआती कारोबार में भाव (रुपये में)/बदलाव
अडानी एंटरप्राइजेज2363.00 (-0.67%)
अडानी ग्रीन945.35 (-0.58%)
अडानी पोर्ट्स712.30 (-0.90%)
अडानी पावर241.05 (-1.15%)
अडानी ट्रांसमिशन754.00 (-0.78%)
अडानी विल्मर400.40 (-0.85%)
अडानी टोटल गैस637.15 (-0.89%)
एसीसी1782.30 (-0.41%)
अंबुजा सीमेंट413.10 (-1.14%)
एनडीटीवी223.60 (-0.47%)

पिछले महीने से दबाव

अडानी समूह के शेयर जून महीने के पहले सप्ताह से ही नुकसान में हैं. इस तरह लगातार पांच सप्ताह अडानी समूह के शेयरों को नुकसान हो चुका है. इस दौरान सिर्फ जून महीने के आखिरी सप्ताह में अडानी समूह के कुछ शेयरों ने रिकवरी दिखाई थी, लेकिन रिकवरी टिकाऊ साबित नहीं हुई.

घरेलू बाजार की अच्छी शुरुआत

घरेलू शेयर बाजार ने सप्ताह की शुरुआत शानदार की है. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 200 अंक से ज्यादा की मजबूती में है और 65,500 अंक के पास कारोबार कर रहा है. इसी तरह एनएसई निफ्टी भी करीब 60 अंकों की तेजी के साथ 19,400 अंक के पास है.

ये भी पढ़ें: धागा बनाने वाली कंपनी ने खोल दिए सारे धागे, सिर्फ 10 हजार रुपये से बनाया 4 लाख