Adani Share Price: जहां एक ओर घरेलू शेयर बाजार (Indian Share Market) हर नए दिन नया रिकॉर्ड बनाए जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अडानी समूह (Adani Group) के शेयरों पर दबाव कम नहीं हो रहा है. अडानी समूह के ज्यादातर शेयरों में आज गुरुवार को एक और दिन गिरावट दर्ज की गई. हालांकि बस इतनी राहत रही कि गिरावट भी एक दायरे में सीमित रही.

सप्ताह के चौथे दिन का कारोबार समाप्त होने के बाद समूह के 10 शेयरों में से 6 के भाव लाल निशान में रहे, जबकि 2 शेयरों के भाव लगभग स्थिर रहे. महज 2 शेयरों में मामूली तेजी देखी गई. इससे पहले बुधवार को भी अडानी समूह के 10 में से 6 शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा था.

इस एक शेयर में ठीक-ठाक तेजी

गुरुवार का कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के 10 शेयरों में सिर्फ अडानी ग्रीन (Adani Green) के भाव में 1 फीसदी से ज्यादा का बदलाव हुआ. इसके शेयरों के भाव में करीब 1.50 फीसदी की तेजी देखी गई. अडानी ग्रीन के बोर्ड ने फंड जुटाने की नई योजना को मंजूरी दी है. कंपनी आने वाले दिनों में इस योजना पर अमल कर सकती है. वहीं ऐसी भी खबरें हैं कि अडानी समूह के प्रवर्तक कुछ और हिस्सेदारी बेच सकते हैं.

इन दोनों के भाव रहे स्थिर

फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) और अडानी विल्मर (Adani Wilmar) के भाव लगभग पुराने स्तर पर टिके रहे. अडानी विल्मर को बिक्री के मामले में नुकसान उठाना पड़ा है. खाद्य तेलों के भाव में कमी आने से कंपनी की बिक्री प्रभावित हुई है. अडानी पावर (Adani Power) के शेयरों के भाव में करीब 0.30 फीसदी की तेजी आई.

इनके भाव में आई गिरावट

दूसरी ओर अडानी पोर्ट्स (Adani Ports), अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission), अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas), अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement), एसीसी सीमेंट (ACC Cement) और एनडीटीवी (NDTV) के भाव में 0.50 फीसदी तक की गिरावट देखी गई.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
अडानी एंटरप्राइजेज2403.400.19
अडानी ग्रीन961.301.41
अडानी पोर्ट्स740.05-0.38
अडानी पावर246.450.31
अडानी ट्रांसमिशन769.60-0.06
अडानी विल्मर407.100.04
अडानी टोटल गैस648.60-0.14
अंबुजा सीमेंट431.55-0.21
एसीसी1819.20-0.10
एनडीटीवी227.05-0.50

घरेलू बाजार का नया रिकॉर्ड

घरेलू बाजार की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) दोनों प्रमुख सूचकांकों ने आज नया ऑल टाइम हाई (Indian Share Market All Time High) हासिल कर लिया. कारोबार समाप्त होने के बाद सेंसेक्स करीब 340 अंक मजबूत होकर 65,785 अंक पर पहुंच गया.

ये भी पढ़ें: कैसे एक्टिव कर सकते हैं अपना पैन? पेनल्टी के बाद भी करना होगा इंतजार