Adani Share Price: घरेलू शेयर बाजार (Indian Share Market) की स्थिरता के बीच बुधवार को अडानी के शेयरों की चाल सीमित दायरे में रही. अडानी समूह (Adani Group) के शेयरों ने सप्ताह के तीसरे दिन कारोबार की शुरुआत ही धीमी की और ये पूरे दिन एक दायरे में ही रह गए.

शुरुआती कारोबार में अडानी समूह के 10 में से 8 शेयर मजबूती में थे. जब कारोबार समाप्त हुआ तो अडानी समूह के 6 शेयर नुकसान में चले गए थे. समूह के सिर्फ 4 शेयर ग्रीन जोन में बंद हुए. हालांकि समूह के ज्यादातर शेयरों की घट-बढ़ मामूली रही. मंगलवार को समूह के 6 शेयर ग्रीन जोन में रहे थे, जबकि 4 को नुकसान उठाना पड़ा था.

इनके भाव में आई तेजी

बुधवार का कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के 10 शेयरों में सिर्फ एनडीटीवी (NDTV) के भाव में ठीक बदलाव हुआ. इसके भाव में आज 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई. वहीं फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) करीब 0.50 फीसदी मजबूत हुआ. इन दोनों के अलावा अडानी ग्रीन (Adani Green) और अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) भी तेजी में बंद हुए.

इन शेयरों को हो गया नुकसान

दूसरी ओर अडानी पावर (Adani Power) सबसे ज्यादा करीब 0.60 फीसदी के नुकसान में रहा. इसके अलावा अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission), अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas), अडानी विल्मर (Adani Wilmar), अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) और एसीसी सीमेंट (ACC Cement) के भाव मामूली अंतर से निगेटिव क्लोज हुए.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
अडानी एंटरप्राइजेज2398.950.47
अडानी ग्रीन947.950.15
अडानी पोर्ट्स742.900.24
अडानी पावर245.70-0.59
अडानी ट्रांसमिशन770.10-0.02
अडानी विल्मर406.95-0.20
अडानी टोटल गैस649.50-0.07
अंबुजा सीमेंट432.45-0.03
एसीसी1818.70-0.07
एनडीटीवी228.202.29

तीन शेयर हो रहे एक्स-डिविडेंड

अडानी समूह के शेयरों में पिछले एक महीने से ज्यादा समय से दबाव दिख रहा है. जून महीने के दौरान अडानी समूह के लगभग सारे शेयर नुकसान में रहे थे. सिर्फ आखिरी सप्ताह में दिखी कुछ तेजी को छोड़ दें तो जून महीने के दौरान ज्यादातर दिन इन्हें नुकसान उठाना पड़ा था. इस सप्ताह के दौरान अडानी समूह के तीन शेयर अडानी एंटरप्राइजेज, अंबुजा सीमेंट और एसीसी सीमेंट एक्स-डिविडेंड हो रहे हैं.

ऐसा रहा घरेलू बाजार

घरेलू बाजार की बात करें तो ऑल टाइम हाई (Indian Share Market All Time High) हासिल करने के बाद दोनों प्रमुख सूचकांकों बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) पर आज दबाव बना रहा. इसके चलते दोनों सूचकांक लगभग पुराने भाव पर ही रहे. कारोबार समाप्त होने के बाद सेंसेक्स करीब 33 अंक गिरकर 65,450 अंक से नीचे आ गया. वहीं निफ्टी करीब 10 अंक की बढ़त के साथ 19,400 अंक के पास बंद हुआ.

ये भी पढ़ें: तमन्ना के पास है दुनिया का 5वां सबसे बड़ा हीरा