Adani Share Price: पिछले सप्ताह से गिरावट का सामना कर रहे अडानी समूह के शेयरों (Adani Group Stocks) में आज शुक्रवार को जबरदस्त रैली देखने को मिली. घरेलू बाजार की तेजी से बल पाकर सप्ताह के अंतिम दिन अडानी समूह के 2 शेयर अपर सर्किट के साथ बंद हुए. इसके अलावा ज्यादातर शेयरों के भाव में आज शानदार तेजी दर्ज की गई.

इन दो शेयरों पर अपर सर्किट

इस सप्ताह के अंतिम दिन का कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के सभी 10 शेयर फायदे में रहे. अडानी पावर ने समूह के शेयरों की रैली की अगुवाई की. पिछले कुछ दिनों से दबाव के बीच भी तेजी दिखा रहे इस शेयर ने आज अपर सर्किट लगा दिया. अडानी पावर (Adani Power) में कल भी सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई थी और यह शुरुआत से लेकर अंत तक 1 फीसदी से ज्यादा मजबूत बना रहा था. इसके अलावा अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) भी अपर सर्किट यानी 5 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ.

4 फीसदी तक चढ़े इनके भाव

आज के कारोबार में अडानी समूह के कई शेयरों में 3 से 4 फीसदी की तेजी आई. एनडीटीवी (NDTV) का भाव करीब 4 फीसदी की तेजी में बंद हुआ, तो फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने भी करीब 4 फीसदी की छलांग लगाई. अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) और अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) में 3-3 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई.

इन शेयरों को भी फायदा

अडानी समूह के बाकी शेयरों ने भी बढ़त के साथ कारोबार को समाप्त किया. अडानी विल्मर (Adani Wilmar) के भाव में जहां करीब 2.50 फीसदी की तेजी दर्ज की गई, तो अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) भी करीब 2 फीसदी के फायदे में रहा. सबसे कम फायदा एसीसी सीमेंट (ACC Cement) को हुआ, जिसके शेयर भाव में 0.50 फीसदी से कुछ कम तेजी आई.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
एनडीटीवी189.003.99
अडानी एंटरप्राइजेज1923.903.85
अडानी ग्रीन950.603.67
अडानी पोर्ट्स681.203.25
अडानी पावर224.855.00
अडानी ट्रांसमिशन1027.354.66
अडानी विल्मर411.902.41
अडानी टोटल गैस944.703.11
एसीसी1755.050.46
अंबुजा सीमेंट396.301.92

लगातार बना हुआ था प्रेशर

इससे पहले गुरुवार को अडानी समूह के शेयरों पर दबाव बना रहा था. अडानी पावर में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई थी, जबकि अन्य शेयरों में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला था. अडानी समूह के शेयर पिछले सप्ताह से ही दबाव में थे और लगभग हर सेशन में घाटे में जा रहे थे. कई दिनों बाद अडानी के शेयरों में इस तरह की रैली देखने को मिली है.

ये भी पढ़ें: पुरानी पेंशन के बाद एक और गिफ्ट, इस राज्य में सरकार ने बढ़ाया डीए